uncategorized

इंडिगो संकट गहराया: दिल्ली एयरपोर्ट से आज आधी रात तक सभी उड़ानें रद्द, DGCA ने मांगी क्रू और शेड्यूलिंग पर रिपोर्ट

Lucknow Focus News Desk: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) का परिचालन संकट गंभीर हो गया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए घोषणा की है कि 5 दिसंबर 2025 को दिल्ली एयरपोर्ट से प्रस्थान करने वाली इंडिगो की सभी डोमेस्टिक उड़ानें आज आधी रात (23:59 बजे) तक रद्द रहेंगी। अन्य सभी एयरलाइंस का संचालन निर्धारित समय पर जारी रहेगा।

परिचालन संबंधी दिक्कतों, खराब मौसम, क्रू की कमी और यात्रियों की अत्यधिक भीड़ के कारण इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें देशभर के हवाई अड्डों पर लगातार रद्द हो रही हैं।

देशभर में 400 से अधिक उड़ानें रद्द

उड़ानों के रद्द होने का यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दो दिनों में इंडिगो ने लगभग 700 उड़ानें रद्द की हैं। शुक्रवार को अकेले दिल्ली में 200 से अधिक, बेंगलुरु में 100 से अधिक और हैदराबाद में 90 से अधिक सहित कुल 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं।

एयरलाइन ने स्वीकार किया है कि घने कोहरे और यात्रियों की भीड़ के कारण क्रू की कमी की समस्या और गंभीर हो गई है। एयरलाइन ने संकेत दिया है कि शेड्यूल को स्थिर करने के प्रयास अगले दो-तीन दिन जारी रह सकते हैं, जिसके कारण और उड़ानें रद्द हो सकती हैं।

इंडिगो ने मांगी पायलट नियमों में छूट

इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए इंडिगो ने सरकार से पायलटों के आराम और नाइट ड्यूटी से संबंधित नियमों (FDTL: Flight Duty Time Limitations) में 10 फरवरी तक छूट देने की मांग की है, ताकि क्रू की उपलब्धता को बढ़ाया जा सके। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस मांग की पुष्टि की है।

सरकार और DGCA सख्त

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने स्थिति की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की है। DGCA ने इंडिगो एयरलाइन को कड़े निर्देश जारी किए हैं।

क्रू की भर्ती और परिचालन को स्थिर करने की योजना पर हर दो हफ्ते में रिपोर्ट जमा करने का निर्देश। यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए एयरपोर्ट्स पर पैसेंजर हैंडलिंग स्टाफ की संख्या बढ़ाने का निर्देश। DGCA आने वाले दिनों में इंडिगो के नेटवर्क परफॉर्मेंस और पैसेंजर-हैंडलिंग सिस्टम की रियल-टाइम मॉनिटरिंग जारी रखेगा।

दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे मेडिकल सहायता के लिए ग्राउंड स्टाफ या निर्दिष्ट मेडिकल सेंटरों से संपर्क करें और अधिक जानकारी के लिए एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट देखें।

Related Articles

Back to top button