गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: सिलेंडर फटने से 25 लोगों की मौत, CM सावंत ने एक्शन का दिया आश्वासन

Lucknow Focus News Desk: उत्तरी गोवा के अरपोरा गांव में शनिवार देर रात एक लोकप्रिय नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ में भीषण आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण सिलेंडर फटना बताया जा रहा है।
मरने वालों में ज्यादातर क्लब कर्मी
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि जान गंवाने वाले लोगों में अधिकांश क्लब के किचन वर्कर थे, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। मृतकों में 4 पर्यटक और 14 क्लब स्टाफ सदस्य शामिल हैं। हादसे में 7 लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 में से अधिकांश लोगों की मौत जलने के बजाय धुएं से दम घुटने के कारण हुई।
CM ने फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री सावंत ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक नाइट क्लब में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। “हम क्लब मैनेजमेंट और उन लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे, जिन्होंने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन होने के बावजूद इसे चलाने की इजाजत दी थी।” उन्होंने कहा कि यह टूरिस्ट सीजन के पीक टाइम में हुई एक दुखद घटना है और मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रपति और PM ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से फोन पर बात की और स्थिति का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार का मुआवजा देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।