उत्तर प्रदेश

बाराबंकी के चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल के बच्चों का लखनऊ चिड़ियाघर का शैक्षिक भ्रमण, वन्यजीवों और इतिहास की ली जानकारी

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले के बनीकोडर क्षेत्र के ग्राम छन्दवल में बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा निःशुल्क संचालित चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल के छात्र-छात्राओं को आज लखनऊ चिड़ियाघर (प्राणि उद्यान) का शैक्षिक भ्रमण कराया गया।

भ्रमण का उद्देश्य और गतिविधियां

संस्था के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने भ्रमण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और बच्चों को स्वयं गाइड किया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति, वन्यजीवों और इतिहास से परिचित कराना था।

बच्चों ने चिड़ियाघर में मांसाहारी (शेर, चीते), शाकाहारी जानवर, मगरमच्छ, घड़ियाल, सांप घर, मछली घर और पक्षी विहार का अवलोकन किया। वन्यजीवों को देखने के बाद छात्र-छात्राओं से संबंधित सवाल पूछे गए। शिक्षकों ने उन्हें वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

बच्चों को राज्य संग्रहालय का भी भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें जैन, बुद्ध, सम्राट अशोक और मुगलकाल की मूर्तिकला और सिक्कों के बारे में बताया गया। अवध वीथिका में नवाबों के शासन और सैन्य शस्त्रों की जानकारी दी गई।

सहयोगी संस्थाएं और भोजन

इस पूरे शैक्षिक भ्रमण में स्कूल की शिक्षिकाओं के साथ जयपुरिया इंस्टीट्यूट, गोमती नगर के प्रबंधन छात्रों ने भी बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी देने और उन्हें गाइड करने में सहयोग दिया।

भ्रमण के दौरान बच्चों ने चिड़ियाघर की कैंटीन में छोला भटूरा, चाउमीन और मंचूरियन जैसे लजीज व्यंजनों का लंच किया। जयपुरिया इंस्टीट्यूट द्वारा बच्चों को उपहार भी दिए गए।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य विनोद कुमार, शिक्षिका वन्दना वर्मा, शारदा रावत सहित कुल 150 बच्चों ने प्राणि उद्यान का भ्रमण कर खूब मौज-मस्ती की।

Related Articles

Back to top button