बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का जलवा! 10वें दिन बनाए 6 बड़े रिकॉर्ड, रणवीर सिंह के लिए ऐतिहासिक कामयाबी

Lucknow Focus News Desk: अभिनेता रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 10वें दिन इस स्पाई एक्शन थ्रिलर ने न केवल रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है, बल्कि 6 बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं, जिससे रणवीर सिंह के लिए यह फिल्म बेहद खास बन गई है।
10वें दिन की कमाई और कुल कलेक्शन
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर’ ने 10वें दिन (दूसरे रविवार) 58.20 करोड़ रुपये का धमाकेदार कलेक्शन किया। फिल्म ने ‘पुष्पा 2’ के 54 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए, हिंदी सिनेमा के इतिहास में दूसरे रविवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का नया कीर्तिमान स्थापित किया। 10 दिनों के बाद, फिल्म का भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल कलेक्शन 364.60 करोड़ रुपये हो गया है। 225 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक 62% मुनाफा कमाया है, जिसे बॉक्स ऑफिस पर ‘पॉजिटिव’ रेटिंग मिली है।
‘धुरंधर’ द्वारा 10वें दिन बनाए गए 6 बड़े रिकॉर्ड
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ ने दूसरे रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत में ये 6 नए रिकॉर्ड बनाए हैं।
हाईएस्ट सिंगल डे कलेक्शन (रणवीर सिंह): यह रणवीर सिंह के करियर की हाईएस्ट सिंगल डे कलेक्शन वाली फिल्म बन गई है, जिसने 58.20 करोड़ रुपये कमाए।
हिंदी सिनेमा का दूसरा रविवार रिकॉर्ड: ‘पुष्पा 2’ (54 करोड़) को पछाड़कर, हिंदी सिनेमा के इतिहास में दूसरे संडे को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी।
2025 का सबसे बड़ा दूसरा वीकेंड: ‘छावा’ (140.72 करोड़) को पीछे छोड़कर, 2025 में बॉलीवुड का सबसे बड़ा दूसरा वीकेंड कलेक्शन (146.60 करोड़ रुपये) करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड बनाया।
हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा दूसरा वीकेंड: हिंदी सिनेमा में अब तक का सबसे बड़ा दूसरा वीकेंड कलेक्शन का रिकॉर्ड भी ‘धुरंधर’ ने अपने नाम किया।
2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई: ‘सैयारा’ (337.69 करोड़) को पछाड़कर, यह 2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है।
तीसरी सबसे बड़ी एडल्ट फिल्म: ‘कबीर सिंह’ (278.24 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए, यह भारतीय सिनेमा में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एडल्ट फिल्म बन गई है।




