उत्तर प्रदेश

पीएसी स्थापना दिवस: CM योगी बोले- यूपी में कानून का राज ही सुशासन और सुरक्षित निवेश की गारंटी

Lucknow Focus News Desk: लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस सशस्त्र बल (UPPAC) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएसी जवानों को संबोधित किया। उन्होंने पीएसी के शौर्यपूर्ण इतिहास की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आज जो आत्मविश्वास दिख रहा है, उसका प्रमुख कारण ‘कानून का राज’ है, जो सुशासन और निवेश के लिए बेहतर माहौल सुनिश्चित करता है।

संबोधन की मुख्य बातें

सीएम ने कहा कि पीएसी का 78 वर्षों का इतिहास अनुशासन, त्याग और समर्पण का रहा है। उन्होंने 2001 के संसद हमले और 2005 के राम जन्मभूमि हमले को नाकाम करने में पीएसी के अदम्य साहस का विशेष उल्लेख किया।

सरकार ने पीएसी की 46 कंपनियों को पुनर्जीवित किया है। पीएसी को अब इंसास राइफल, मल्टीसेल लॉन्चर और एंटी-रायट गन जैसे अत्याधुनिक हथियारों और दंगा नियंत्रण उपकरणों से सुसज्जित किया गया है।

सरकार ने अब तक पीएसी में 41,893 आरक्षियों और 698 प्लाटून कमांडरों की भर्ती की है। वर्तमान में 15,131 आरक्षियों और 1,648 प्लाटून कमांडरों की भर्ती प्रक्रिया प्रचलित है। साथ ही, हजारों जवानों को विभागीय प्रोन्नति (Promotion) भी दी गई है।

पुलिस खेल बजट को 70 लाख से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है। कुशल खिलाड़ियों के लिए 2% आरक्षण के तहत पहली बार 480 भर्तियाँ संपन्न की गईं। यूपी पुलिस के खिलाड़ियों ने 2025 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 14 स्वर्ण पदकों सहित कुल 19 पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

आपदा प्रबंधन और आंतरिक सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएसी न केवल कानून-व्यवस्था और वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात रहती है, बल्कि SDRF की 6 कंपनियों के माध्यम से आपदा प्रबंधन में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार जवानों के सम्मान और सुविधाओं में निरंतर वृद्धि करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button