बसपा परिवार में नन्ही परी का आगमन, आकाश आनंद बने पिता, मायावती ने दी बधाई

Lucknow Focus News Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के परिवार में खुशियों ने दस्तक दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मायावती के उत्तराधिकारी आकाश आनंद के घर बेटी का जन्म हुआ है। इसकी जानकारी खुद बसपा प्रमुख ने साझा करते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की है।
बहनजी की राह पर चलेगी अगली पीढ़ी
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर बताया कि परिवार में नए सदस्य के आगमन से सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर गर्व जताया कि आकाश आनंद ने अपनी बेटी को “माननीय बहनजी” (मायावती) की तरह ही बहुजन समाज के मिशन के प्रति समर्पित करने का संकल्प लिया है। मायावती ने आकाश की इस इच्छा का पुरजोर स्वागत किया है।
उत्तराधिकारी के रूप में सक्रिय हैं आकाश
ज्ञात हो कि मायावती ने आकाश आनंद को आधिकारिक तौर पर अपना उत्तराधिकारी घोषित किया हुआ है। वे वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में देश भर में बसपा के जनाधार को बढ़ाने और युवाओं को जोड़ने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। मायावती ने यह भी साझा किया कि नवजात बच्ची और माँ दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।




