लखनऊ

Lucknow: इकरा पब्लिक स्कूल में सर सैयद दिवस का आयोजन, नई पीढ़ी को ज्ञान, शोध और नैतिक मूल्यों पर ध्यान देने की प्रेरणा

Lucknow Focus News Desk: इकरा पब्लिक स्कूल, बिजनौर (लखनऊ) में महान समाज सुधारक एवं शिक्षाविद सर सैयद अहमद खाँ की जयंती ‘सर सैयद दिवस’ के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने लेखन, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से सर सैयद अहमद खाँ को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बच्चों ने उनके सुंदर चित्र बनाए और आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में दी गई उनकी अमूल्य सेवाओं को याद किया। इसके साथ ही, विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने अपने संबोधन में कहा कि सर सैयद अहमद खाँ ने आधुनिक शिक्षा के प्रसार और सामाजिक सुधारों के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने नई पीढ़ी से ज्ञान, शोध और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। डॉ. हाशमी ने बताया कि सर सैयद के इन्हीं विचारों से प्रेरित होकर 1984 में बिजनौर और आसपास के पिछड़े एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए इकरा पब्लिक स्कूल की स्थापना की गई थी, जहाँ से शिक्षित होकर निकले छात्र आज समाज के विकास में योगदान दे रहे हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अजरा नाहिद ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियाँ बच्चों के आत्मविश्वास, बौद्धिक विकास और अध्ययन के प्रति रुचि को बढ़ाती हैं। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया और सभी बच्चों के बीच मिठाइयाँ बाँटी गईं।

Related Articles

Back to top button