अवध में खिली धूप से मिली राहत, पर पश्चिमी यूपी में ‘शीत लहर’ का सितम जारी

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मौसम में मंगलवार को दोहरा मिजाज देखने को मिला। राजधानी लखनऊ समेत अवध क्षेत्र में सुबह-सुबह सूर्यदेव के दर्शन होने से लोगों को कड़ाके की ठंड से बड़ी राहत मिली। खिली धूप के कारण जनजीवन सामान्य नजर आया और पार्कों व छतों पर लोग सुनहरी धूप का आनंद लेते दिखे। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों के लिए मौसम विभाग ने अभी राहत के संकेत नहीं दिए हैं।
पश्चिमी यूपी में ‘कोल्ड वेव’ और पाले का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों से आ रही बर्फीली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण पश्चिमी यूपी में ठिठुरन बढ़ गई है। बरेली में न्यूनतम तापमान 3.8°C और मुजफ्फरनगर में 3.9°C दर्ज किया गया, जिससे यहां आधिकारिक तौर पर शीत लहर (Cold Wave) ने दस्तक दे दी है। आगामी 48 घंटों में आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडलों में रात के समय पाला (Frost) पड़ने की संभावना है, जो फसलों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के पारे में 1 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
तराई में कोहरा, पर दोपहर में मिलेगी राहत
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तरी तराई के इलाकों में भोर के समय ‘ऑरेंज अलर्ट’ जैसा घना कोहरा बना रहेगा। राहत की बात यह है कि दिन चढ़ने के साथ कोहरा तेजी से छंटेगा और तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में सुधार होगा। 48 घंटों के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे शीत लहर का प्रभाव कम हो जाएगा।




