देश

अजित पवार के बाद सुनेत्रा पवार के हाथों में NCP की कमान! डिप्टी CM के बाद अब अध्यक्ष पद भी संभालने की तैयारी

Lucknow Focus News Desk: महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अब सुनेत्रा पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने खुद को इस रेस से बाहर बताते हुए संकेत दिया है कि पार्टी की कमान सुनेत्रा पवार को सौंपना ही दिवंगत अजित पवार को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

डिप्टी CM के बाद बढ़ा सियासी कद

बीते सप्ताह एक दुखद प्लेन क्रैश में अजित पवार के असामयिक निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में वैक्यूम पैदा हो गया था। उनके निधन के तीन दिन बाद ही सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। अब सरकार ने उन्हें पुणे और बीड जिलों का ‘गार्जियन मिनिस्टर’ (पालक मंत्री) नियुक्त कर उनकी ताकत और बढ़ा दी है। ये दोनों जिले राजनीतिक रूप से अजित पवार के गढ़ माने जाते थे।

प्रफुल्ल पटेल ने खारिज किए कयास

पार्टी में चर्चा थी कि प्रफुल्ल पटेल को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया। पार्टी के अधिकांश विधायक और नेता चाहते हैं कि सुनेत्रा पवार ही नेतृत्व संभालें। पटेल ने कहा, “हम एक बैठक बुलाएंगे और सबकी भावनाओं का सम्मान करते हुए फैसला लेंगे। मैं अध्यक्ष पद की रेस में नहीं हूं।” उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार का अध्यक्ष बनना अजित दादा के अधूरे सपनों को पूरा करने जैसा होगा।

NCP के विलय पर क्या बोले नेता?

अजित पवार के निधन से पहले एनसीपी के दोनों धड़ों (शरद पवार और अजित पवार गुट) के विलय की चर्चाएं जोरों पर थीं। इस पर प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि फिलहाल विलय का कोई आधिकारिक प्रस्ताव नहीं है। अजित दादा ने हमेशा निकाय चुनाव में गठबंधन की बात की थी, विलय की नहीं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि दूसरे गुट के नेताओं से मिलने में कोई परहेज नहीं है क्योंकि वे कभी एक ही परिवार का हिस्सा थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button