UP Budget 2026: सीएम योगी का बड़ा बयान- ‘9 साल में तीन गुना बढ़ा यूपी का बजट, बदल दी प्रदेश की तस्वीर’

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा में ₹9,12,696 करोड़ का भारी-भरकम बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने इसे देश की सबसे बड़ी आबादी वाला सर्वस्पर्शी और समावेशी बजट करार दिया। मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि यह पहली बार है जब किसी एक सरकार को लगातार 10वीं बार (पूर्ण और अनुपूरक मिलाकर) बजट पेश करने का अवसर मिला है।
नारी, युवा और किसान
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार के बजट की मुख्य थीम सुरक्षित नारी, सक्षम युवा और खुशहाल किसान है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि ‘रूल ऑफ लॉ’ (कानून के राज) पर चल रहा है, जो राज्य में वास्तविक विकास की गारंटी है।
बजट की 5 बड़ी बातें
बजट में ₹2 लाख करोड़ से अधिक की राशि नए निर्माण कार्यों के लिए आवंटित की गई है। सीएम के अनुसार, यही वह पैसा है जो रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और विकास को गति देगा।
सीएम योगी ने इस बात पर विशेष ध्यान दिलाया कि पिछले 9 वर्षों में जनता पर एक भी नया टैक्स नहीं लगाया गया है। इसके बावजूद राजस्व में बढ़ोतरी हुई है, जिसे कर चोरी रोककर हासिल किया गया।
यूपी में ₹50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने के लिए ‘सिटी इकोनॉमिक ज़ोन’ और औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने का विशेष प्रावधान किया गया है।
किसानों को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास का भागीदार माना गया है। चार चीनी मिलों की क्षमता विस्तार के लिए भी बजट में रास्ता साफ किया गया है।
विकास की रफ्तार को बनाए रखने के लिए ₹43,565 करोड़ की राशि बिल्कुल नई योजनाओं के लिए प्रस्तावित की गई है।
9 साल में बदली यूपी की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश को लेकर दुनिया का नजरिया बदला है। बजट का आकार तीन गुना से अधिक बढ़ चुका है, जो यह दर्शाता है कि यूपी अब देश की अर्थव्यवस्था का इंजन बनने की राह पर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह बजट हर वर्ग के सपनों को पंख देगा।
कुल बजट: 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ 35 लाख रुपये
कुल प्राप्तियां: 8.48 लाख करोड़
राजस्व प्राप्तियां: 7.29 लाख करोड़
कुल खर्च: 9.13 लाख करोड़
राजस्व खर्च: 6.64 लाख करोड़
पूंजीगत खर्च: 2.48 लाख करोड़




