उत्तर प्रदेश

ताज महोत्सव 2026: ‘टाटा मैदान’ में आज से शुरू होगा कला और संस्कृति का महाकुंभ, ‘वोकल फॉर लोकल’ की दिखेगी झलक

Lucknow Focus News Desk: मोहब्बत की निशानी ताजमहल के साए में आज (बुधवार) से 34वें ताज महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ होने जा रहा है। शाम 6 बजे ‘वंदे मातरम’ की धुन के साथ शुरू होने वाला यह उत्सव 27 फरवरी तक चलेगा। इस वर्ष महोत्सव का आयोजन अपने पारंपरिक स्थान शिल्पग्राम की बजाय फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में किया जा रहा है, जहां 500 स्टॉलों के माध्यम से ‘लघु भारत’ की झलक देखने को मिलेगी।

प्रमुख उद्घाटन और ‘वोकल फॉर लोकल’

महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य और योगेंद्र उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। जिलाधिकारी अरविंद बंगारी के अनुसार, यह आयोजन पूरी तरह ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ की मुहिम को समर्पित है। यहां प्रदेश के 50 जनपदों के ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) सहित कश्मीर की पश्मीना, बनारस की सिल्क, खादी और जूट के बेहतरीन उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।

सितारों से सजेगी शाम: सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आकर्षण

महोत्सव में मनोरंजन के लिए एक भव्य डिजिटल मुक्ताकाशीय मंच तैयार किया गया है। प्रमुख आकर्षण इस प्रकार हैं:

22 फरवरी: बॉलीवुड नाइट – मशहूर सिंगर नीरज श्रीधर।

26 फरवरी: कॉमेडी नाइट – कृष्णा-अभिषेक की जोड़ी।

27 फरवरी: समापन संध्या – संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर।

अन्य प्रस्तुतियां: इंडियन ओशन बैंड, अली ब्रदर्स (सूफी), और माधवाज बैंड (भक्ति संध्या)।

पर्यटन का विस्तार: सीकरी और बटेश्वर तक पहुंच

21 फरवरी: फतेहपुर सीकरी में निजामी बंधु की कव्वाली।

23 फरवरी: बटेश्वर के मंदिरों में मिश्रा बंधु के भजन।

अन्य गतिविधियां: 20 से 22 फरवरी के बीच बाइक एवं कार रैली, यमुना महाआरती और वन्यजीव प्रदर्शनी का आयोजन होगा।

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 6 बजे तक स्थानीय ब्रज कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय लोक कला को प्रोत्साहन मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button