रैपर बादशाह के गाने पर बवाल, फतेहाबाद में प्रदर्शन कर पुतला फूंका
महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट ने ‘टटीरी’ गाने को बताया अश्लील, रतिया थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग

Lucknow Focus News Desk: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में मशहूर सिंगर और रैपर Badshah के एक गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार को महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्यों ने गाने के विरोध में प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका और पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
ट्रस्ट के अध्यक्ष भवानी सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता बस स्टैंड के पीछे एक रेस्टोरेंट के पास एकत्र हुए। यहां उन्होंने रैपर बादशाह के कथित विवादित गाने ‘टटीरी’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने Ratia स्थित शहर थाने में शिकायत देकर गायक के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।
भवानी सिंह ने आरोप लगाया कि गाने में स्कूली छात्राओं को दर्शाते हुए उनके संबंध में अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि इस प्रकार के गीत समाज में अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं और यह हरियाणा की संस्कृति, मान-मर्यादा और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह की सामग्री से समाज में गलत संदेश जाता है और युवाओं व विद्यार्थियों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच कर रैपर के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी कलाकार इस प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री पेश करने का साहस न करे।
इस मौके पर शर्मा चंद लाली, सतपाल जिंदल, पारस सिंगला, नैब सिंह मंडेर, कामरेड अजमेर सिंह, गुरप्रीप सिंह तूर, अभी नेहरा, पवन सिंगला, बलदेव कुमार, शिव वधवा, अजय कुमार, अमन वर्मा, गुरदीप अयालकी और अमृत सिंह बल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
Also Read: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ान के दौरान केबिन में भर धुआं




