uncategorized

दिल्ली में कोरोना से 22 वर्षीय युवती की मौत, 24 घंटे में देशभर में मिले 47 नए मरीज

Lucknow Focus News Desk: देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि राजधानी दिल्ली में 22 साल की एक युवती की संक्रमण से मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में देशभर में कोरोना के 47 नए मामले सामने आए हैं, जिसमें अकेले दिल्ली में सबसे अधिक केस दर्ज किए गए हैं।

दिल्ली में अब तक चार मौतें, कुल संक्रमितों की संख्या 483

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार सुबह तक देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 3,961 पहुंच चुकी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना से चार लोगों की जान गई है दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु से एक-एक मौत दर्ज की गई है। दिल्ली में अब कोरोना से कुल चार मौतें हो चुकी हैं, जबकि अब तक कुल 483 लोग संक्रमित हो चुके हैं।

इस समय देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य केरल है, जहां एक्टिव मामलों की संख्या 1,435 तक पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी हालात चिंताजनक हैं। यहां बीते 24 घंटे में 14 नए मरीज सामने आए हैं और अब कुल 57 लोग संक्रमित हैं। नोएडा में संक्रमितों में 30 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल हैं। सभी संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में हैं।

तीन दिन में तीन गुना बढ़े मामले

22 मई को देश में केवल 257 सक्रिय केस थे, जो 26 मई तक बढ़कर 1,010 हो गए। इसके बाद महज कुछ ही दिनों में यह संख्या तीन गुना से अधिक बढ़कर 3,395 तक पहुंच गई है। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञ फिलहाल घबराने की बजाय सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल का कहना है कि पश्चिमी और दक्षिणी भारत से मिले सैंपल्स की जीनोम सीक्वेंसिंग में पाया गया है कि यह बढ़ोतरी ओमिक्रॉन के सब-वेरिएंट्स के कारण हो रही है, जो फिलहाल कम घातक प्रतीत हो रहे हैं। मई 2025 तक WHO ने भी LF.7 और NB.1.8 वेरिएंट्स को ‘अंडर मॉनिटरिंग’ श्रेणी में रखा है। ये वही वेरिएंट्स हैं जो चीन और एशिया के कुछ हिस्सों में तेजी से संक्रमण फैला रहे हैं।

हॉस्पिटल्स में मॉकड्रिल की तैयारी

नोएडा सहित कई जिलों में कोरोना की नई लहर को देखते हुए अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है और मॉकड्रिल की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, ताकि किसी भी स्थिति से निपटने में देरी न हो।

Related Articles

Back to top button