‘महिलाओं के बिना अधूरा है विकसित भारत का सपना’, मौलाना आज़ाद अकादमी में कल जुटेगी दिग्गज महिलाओं की टोली

Lucknow Focus News Desk: मौलाना आज़ाद मेमोरियल अकादमी, लखनऊ के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कल यानी 8 मार्च, रविवार को एक महत्वपूर्ण शैक्षिक एवं वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। “महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा” विषय पर होने वाली यह चर्चा सुबह 10 बजे से अकादमी के लाइब्रेरी हॉल (औरंगाबाद खालसा, बिजनौर रोड) में शुरू होगी।
विज्ञान से लेकर समाज सेवा तक की हस्तियां होंगी शामिल
इस संगोष्ठी में देश और समाज के निर्माण में महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्रीय भूमिका पर प्रकाश डालने के लिए कई विशिष्ट हस्तियां शिरकत करेंगी।
मुख्य अतिथि: डॉ. कमर रहमान (वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं पूर्व डिप्टी डायरेक्टर, ITRC)।
विशिष्ट अतिथि: मंजू वर्मा (पूर्व CDPO), विदुषी शाक (पुलिस कर्मी), नीलम गौतम, प्रोफेसर सैफिया लोखंडे और डॉ. मनी राम सिंह।
छात्र-छात्राओं को मिलेगा अपनी बात रखने का मंच
इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें केवल विशेषज्ञ ही नहीं, बल्कि शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी हिस्सा लेंगे। युवा पीढ़ी इस गंभीर विषय पर अपने विचार और अनुभव साझा करेगी, जिससे भविष्य की एक सकारात्मक तस्वीर उभर सके।
संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य
अकादमी के महासचिव डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने बताया कि इस आयोजन का मकसद समाज में महिलाओं की असली ताकत और उनकी भूमिका को रेखांकित करना है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि नई पीढ़ी शिक्षा और जागरूकता के महत्व को समझे। जब तक राष्ट्रीय विकास में महिलाओं की बराबर की भागीदारी नहीं होगी, तब तक देश की प्रगति की रफ्तार अधूरी रहेगी।”
Also Read: घुसपैठियों पर सख्त अमित शाह, बोले- जो भारत का नागरिक नहीं उसे देश से बाहर करेंगे




