फर्स्ट अप्रैल फूल को लेकर मोदी ने कांग्रेस को कही यह बात

लखनऊ फोकस ब्यूरो
नई दिल्ली। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पहले उन्होंने सैन्य कमांडरों के एक सम्मेलन में हिस्सा भी लिया। प्रधानमंत्री के हवाईअड्डे पर पहुंचने पर प्रदेश के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। वंदे भारत को रवाना करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज फर्स्ट अप्रैल है और इसी के साथ उन्होंने मजाक में कांग्रेस के बारे में ऐसी बात कह दी कि लोग मुस्कराए बिना नहीं रह सके।
वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते समय प्रधानमंत्री हल्के-फुल्के मूड में थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब ट्रेन को झंडी दिखाने का कार्यक्रम तय हुआ तो मुझे इस संबंध में जानकारी दी गई। तारीख देखकर मैं मुस्कराया और मैंने अफसरों से पूछा-आप लोगों ने एक अप्रैल का दिन क्यों रखा है? जब अखबार में खबर जाएगी कि मोदीजी एक अप्रैल को ट्रेन को हरी झंडी दिखाने वाले हैं तो हमारे कांग्रेस के मित्र बयान देंगे कि मोदी अप्रैल फूल बनाएगा।
प्रधानमंत्री की इस हल्की-फुल्की मजाकिया टिप्पणी पर वहां पर मौजूद सभी लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले इंदौर हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।