इन्फोटेनमेन्ट

प्लेबैक सिंगिंग से ब्रेक के बाद अब डायरेक्शन की राह पर अरिजीत सिंह,नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी को कर सकते हैं लॉन्च

Lucknow Focus News Desk: बीते दिनों अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से ब्रेक लेने की घोषणा कर फैंस को चौंका दिया था। उन्होंने साफ कहा था कि मौजूदा कमिटमेंट्स पूरे करने के बाद वह कोई नया सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि यह ब्रेक स्थायी नहीं है।

इसी बीच अब अरिजीत सिंह को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंगिंग से दूरी बनाकर अब वह फिल्ममेकिंग पर पूरा फोकस करना चाहते हैं। कहा जा रहा है कि ‘चन्ना मेरेया’ सिंगर जल्द ही डायरेक्टर की कुर्सी संभाल सकते हैं और एक नए स्टारकिड को बॉलीवुड में लॉन्च करने की तैयारी में हैं।

सिंगिंग नहीं, कहानी पर कर रहे हैं काम

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अरिजीत सिंह इस समय अपनी अगली फिल्म पर काम कर रहे हैं, लेकिन इस बार संगीतकार के तौर पर नहीं, बल्कि कहानी और निर्देशन की भूमिका में। सूत्रों का कहना है कि अरिजीत लंबे समय से डायरेक्शन करना चाहते थे, लेकिन लगातार मिल रहे बड़े सिंगिंग प्रोजेक्ट्स के चलते वह इसके लिए समय नहीं निकाल पा रहे थे।

अब उन्होंने बाकी चीजों को एक तरफ रखकर फिल्ममेकर के रूप में खुद को आजमाने का फैसला किया है। साथ ही यह भी बताया गया है कि उनका प्लेबैक सिंगिंग से लिया गया ब्रेक पूरी तरह परमानेंट नहीं है।

नवाजुद्दीन की बेटी शोरा से जुड़ा नाम

इसी रिपोर्ट में यह दावा भी किया गया है कि अरिजीत सिंह की इस फिल्म से अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी शोरा सिद्दीकी बॉलीवुड में डेब्यू कर सकती हैं। यह शोरा की पहली फिल्म होगी। हालांकि, इस खबर को लेकर अब तक न तो अरिजीत सिंह और न ही नवाजुद्दीन सिद्दीकी की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।

कौन हैं शोरा सिद्दीकी?

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी शोरा सिद्दीकी फिलहाल 15 साल की हैं और लंदन में अभिनय की पढ़ाई कर रही हैं। बीते जुलाई में नवाजुद्दीन ने सोशल मीडिया पर शोरा का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह एक सीन परफॉर्म करती नजर आई थीं। वीडियो वायरल होने के बाद फैंस ने उनकी परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की थी और उन्हें भविष्य की बड़ी एक्ट्रेस बताया था।

Related Articles

Back to top button