महाराष्ट्र: बारामती में अजित पवार की विमान क्रैश में मौत, पढ़िए पूरा अपडेट

Lucknow Focus News Desk: महाराष्ट्र की राजनीति के लिए आज का दिन एक काली तारीख बनकर आया है। राज्य के उप मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता अजित पवार का निजी विमान बुधवार सुबह बारामती में लैंडिंग के वक्त एक भीषण हादसे का शिकार हो गया। चुनाव प्रचार के सिलसिले में निकले अजित दादा का विमान रनवे तक पहुँचने से पहले ही दुर्घटनाग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया।
रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर
हादसे के बाद जो वीडियो सामने आए हैं, उन्हें देखकर किसी का भी दिल दहल जाए। विमान के परखच्चे उड़ चुके हैं और आसमान में धुएं का काला गुबार छाया हुआ है। घटनास्थल पर स्थिति इतनी विकट है कि चारों तरफ मलबे के साथ-साथ क्षत-विक्षत अवशेष दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि शुरुआती जानकारी में कुछ लोगों के घायल होने और उन्हें अस्पताल ले जाने की बात कही जा रही थी, लेकिन घटनास्थल की भयावहता और ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में सवार सभी 6 लोगों की जान चली गई है।
अधूरा रह गया अपनों से मिलने का वादा
अजित पवार आज अपने विधानसभा क्षेत्र बारामती में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए ताबड़तोड़ 5-6 जनसभाएं करने वाले थे। वह हमेशा की तरह सुबह जल्दी ही काम के लिए निकल गए थे।
बारामती की जनता अपने ‘दादा’ का बेसब्री से इंतजार कर रही थी कि वे आएंगे और उनसे सीधे संवाद करेंगे। लेकिन एयरपोर्ट पहुँचने से चंद मिनट पहले ही यह अनहोनी हो गई।
बारामती में मातम, रो पड़ा हर चाहने वाला
जैसे ही हादसे और अजित पवार के निधन की खबर फैली, बारामती और पूरे महाराष्ट्र में सन्नाटा पसर गया। विधायक के तौर पर बारामती की जनता से उनका एक पारिवारिक जुड़ाव रहा है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आँखों में आंसू हैं और हर तरफ चीख-पुकार मची है। अस्पताल के बाहर भी भारी भीड़ जमा है, जहाँ डॉक्टर और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।