सपा मुख्यालय में ‘शक्ति’ का सम्मान: अखिलेश यादव बोले- बंगाल में जीतेंगी दीदी, यूपी में हम निपटेंगे भाजपा से

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में रविवार को ‘आधी आबादी’ के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ‘मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव ने शिरकत की और महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पश्चिम बंगाल और यूपी चुनाव पर अखिलेश का बड़ा बयान
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आगामी चुनावों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा “संघ परिवार ने पश्चिम बंगाल में भारी फौज उतारी है और बूथ स्तर पर पैसे बांटे जा रहे हैं। लेकिन बंगाल में ‘दीदी’ (ममता बनर्जी) ही जीतेंगी। अप्रैल में यही फौज यूपी में भी आएगी, पर हम इनसे निपट लेंगे। चुनाव के समय मंत्रिमंडल विस्तार से भाजपा को कोई फायदा नहीं होने वाला।”
“समाज में पुरुष को मिलती है ज्यादा तवज्जो”
अखिलेश यादव ने सामाजिक विडंबनाओं पर चोट करते हुए कहा कि हम नाम तो पहले महिलाओं का लेते हैं, लेकिन असलियत में तवज्जो पुरुषों को मिलती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब कोई पुरुष रोता है, तो लोग कहते हैं कि “महिलाओं की तरह क्यों रोते हो?” यह सोच बदलने की जरूरत है।
सपा सरकार की उपलब्धियां और भविष्य का वादा
अखिलेश यादव ने 1090 (वूमेन पावर लाइन) की सफलता को याद करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी इसकी तारीफ की थी। उन्होंने डायल 100 में महिलाओं की भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाएं दूसरों की तकलीफ बेहतर समझ सकती हैं।
नेताजी (मुलायम सिंह यादव) द्वारा शुरू की गई कन्या विद्या धन योजना को मील का पत्थर बताया। अखिलेश ने घोषणा की कि जब राज्य में सपा की सरकार बनेगी, तो रानी लक्ष्मी बाई और अन्य वीरांगनाओं के नाम पर महिलाओं के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।
डिंपल यादव ने सरकार को घेरा: “महिलाओं के साथ हो रहा गलत”
सांसद डिंपल यादव ने महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तभी देश तरक्की करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज महिलाओं के साथ गलत हो रहा है और घटनाओं को दबाया जा रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के अंकिता भंडारी केस का उदाहरण देते हुए न्याय की मांग की और महिलाओं को अपने दम पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
Also Read: सीएम योगी ने 1228 नर्सिंग अफसरों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- नर्सिंग में पढ़ाई का मतलब नौकरी पक्की




