इन्फोटेनमेन्ट

‘गोलमाल 5’ में विलेन बनेंगे अक्षय कुमार? रोहित शेट्टी की फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट

Lucknow Focus News Desk:  बॉलीवुड की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ के पांचवें पार्ट का फैंस लंबे समय से बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब इसी बीच ‘गोलमाल 5’ को लेकर एक बड़ी और दिलचस्प खबर सामने आई है, जिसने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। कहा जा रहा है कि इस साल फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है और अगले कुछ वर्षों में इसे बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल 5’ में अक्षय कुमार की एंट्री होने जा रही है। खास बात यह है कि इस बार अक्षय कुमार फिल्म में हीरो नहीं, बल्कि मुख्य विलेन की भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। यानी फिल्म में अजय देवगन और उनकी टीम का सीधा मुकाबला अक्षय कुमार से देखने को मिलेगा। इस खबर के सामने आते ही फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट काफी बढ़ गई है, क्योंकि अक्षय कुमार को कॉमेडी रोल्स में दर्शक बेहद पसंद करते हैं।

बताया जा रहा है कि ‘गोलमाल 5’ को बड़े स्तर पर बनाया जाएगा और इसमें दमदार कॉमेडी के साथ कुछ नए और दिलचस्प प्रयोग देखने को मिलेंगे। इस बार फिल्म में काल्पनिक (फैंटेसी) तत्व भी जोड़े जाएंगे, जो इसे पिछली फिल्मों की सिचुएशनल कॉमेडी से थोड़ा अलग बनाएंगे।

फिल्म में अजय देवगन के साथ एक बार फिर अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े नजर आएंगे। इनके अलावा जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी और अश्विनी कालसेकर भी फिल्म का हिस्सा होंगे। खास बात यह है कि ‘गोलमाल फन अनलिमिटेड’ से पहचान बनाने वाले शरमन जोशी भी इस फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं। वहीं करीना कपूर खान की एंट्री को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हालांकि, फिल्म की कहानी और पूरी स्टारकास्ट को लेकर मेकर्स ने अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। खबरों की मानें तो ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग फरवरी के अंत तक शुरू हो सकती है और इसे 2027 की शुरुआत में रिलीज करने की योजना है।

फिलहाल रोहित शेट्टी जॉन अब्राहम के साथ राकेश मारिया की बायोपिक की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसे पूरा करने के बाद वह ‘गोलमाल 5’ पर काम शुरू करेंगे। वहीं अजय देवगन ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग कर रहे हैं और अक्षय कुमार भी अपनी आने वाली कॉमेडी फिल्मों को पूरा करने के बाद इस प्रोजेक्ट से जुड़ेंगे। ऐसे में साफ है कि ‘गोलमाल 5’ हंसी का जबरदस्त तड़का लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Related Articles

Back to top button