लखनऊ

रंगों और रचनात्मकता के साथ संपन्न हुआ AKTU का ‘नवागमन’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम

Lucknow Focus News Desk: डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU), लखनऊ के वास्तुकला एवं योजना संकाय (FOAP) में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित दो दिवसीय ‘नवागमन’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन एक रंगमय और प्रेरणादायी कला कार्यशाला के साथ हुआ। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों को वास्तुकला और दृश्य कला के गहरे संबंधों से परिचित कराना और उनकी रचनात्मक सोच व आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।

संकाय की अधिष्ठाता डॉ. वंदना सहगल और सभी प्राध्यापकों ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत किया। डॉ. सहगल ने छात्रों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि वास्तुकला केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संवेदनशीलता और कल्पनाशील सोच को विकसित करने की एक निरंतर प्रक्रिया है।

विद्यार्थियों ने कैनवास हैंड बैग पेंटिंग, वर्ली पेंटिंग ऑन कैनवास और जलरंग (Watercolour) चित्रण जैसी विधाओं में स्वतंत्र प्रयोग किए। कोलकाता के प्रसिद्ध चित्रकार सौरभ शी ने जलरंग तकनीक, रंगों की पारदर्शिता, टेक्सचर और प्रकाश-छाया (Light-Shadow) की बारीकियां छात्रों के साथ साझा कीं। कार्यक्रम का संयोजन भूपेंद्र कुमार अस्थाना ने किया और आर्किटेक्ट ताबिश अहमद अब्दुल्ला समन्वयक रहे। वहीं धीरज यादव और रत्नप्रिया ने सहयोगी आर्ट कोऑर्डिनेटर के रूप में छात्रों का मार्गदर्शन किया। नवप्रवेशी छात्रों ने इस आयोजन को सीखने, नए प्रयोग करने और अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति को संवारने का एक यादगार और उत्साहवर्धक अवसर बताया।

Related Articles

Back to top button