ग्रामीण प्रतिभाओं को संवारने की अनूठी पहल, मदर सेवा संस्थान शुरू करने जा रहा है नई इकाई ‘ग्रामश्री नाट्य मंच’

Lucknow Focus News Desk: समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में हमेशा अग्रणी रहने वाला ‘मदर सेवा संस्थान’ अब ग्रामीण अंचल की छिपी हुई कला और प्रतिभावान कलाकारों को एक बड़ा मंच देने के लिए एक बेहद सराहनीय पहल करने जा रहा है। संस्थान एक नई इकाई की शुरुआत करने जा रहा है, जो पूरी तरह से उन ग्रामीण कलाकारों को समर्पित होगी, जिन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन या मंच न मिलने के कारण अपनी पहचान बनाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ता है।
लोक नृत्य, पारंपरिक गायन, हस्तशिल्प या चित्रकारी- हर विधा से जुड़े ग्रामीण कलाकारों को तलाशने, उन्हें तराशने और वैश्विक मंच पर स्थापित करने का बीड़ा मदर सेवा संस्थान ने उठाया है। संस्थान के सचिव एवं फिल्म अभिनेता महेश चंद्र देवा के अनुसार, इस विशेष इकाई के लिए ‘ग्रामश्री नाट्य मंच’ जैसे आकर्षक और प्रेरणादायक नाम पर विचार किया जा रहा है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही की जाएगी।
यह नई इकाई न केवल कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि उनके आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के रास्ते भी खोलेगी। मदर सेवा संस्थान की यह दूरदर्शी पहल ग्रामीण संस्कृति को सहेजने और आधुनिक दौर में उसे एक नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी। इस नई शुरुआत को लेकर ग्रामीण अंचल के कलाकारों में भारी उत्साह है और सभी इसकी आधिकारिक घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।




