बिजनेस

शहरी सहकारी बैंक: अमित शाह ने दिया बदलाव का मंत्र, RBI के सहयोग से तकनीक और पारदर्शिता के बल पर आधुनिक होंगे UCBs

Lucknow Focus News Desk: करीब छह लाख करोड़ रुपये से अधिक की जमा पूंजी संभालने वाले शहरी सहकारी बैंक (UCBs) अब तकनीक और पारदर्शिता के बल पर आधुनिक रूप ले रहे हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के सहयोगात्मक रुख और नेशनल अर्बन को-ऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NUCFDC) के संरक्षण से छोटे कारोबारी सशक्त होंगे और आम ग्राहक की आर्थिक समृद्धि का नया रास्ता खुलेगा।

मुंबई में NUCFDC के नए कार्यालय का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा, “शहरी सहकारी बैंकों को बदलते बैंकिंग दौर के साथ कदम मिलाने के लिए अब तकनीक, पारदर्शिता और आधुनिक ग्राहक सेवाओं पर तेजी से काम करना होगा। प्रतिस्पर्धा के दौर में वही संस्थाएं आगे बढ़ पाएंगी, जो समय के साथ खुद को बदलेंगी।”

RBI और UCBs के बीच आपसी सोच में बदलाव की जरूरत

सहकारिता मंत्री ने बताया कि RBI ने शहरी सहकारी बैंकों के लिए शाखाएं खोलने से जुड़े नियमों को आसान किया है। इसके चलते बैंक अब डोरस्टेप बैंकिंग, डिमांड ड्राफ्ट और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जैसी आधुनिक सेवाएं भी उपलब्ध करा रहे हैं।

बैंकिंग विस्तार से जुड़े प्रमुख बिंदु

विशेष नोडल अधिकारी: छह लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की जमा राशि वाले इस क्षेत्र के लिए RBI ने एक विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

‘ऑन-टैप’ लाइसेंसिंग: RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा की ओर से घोषित ‘ऑन-टैप’ लाइसेंसिंग व्यवस्था से करीब दो दशक से रुका शहरी सहकारी बैंकों का विस्तार फिर से शुरू होने की उम्मीद है।

1,400 में से 690 बैंक NUCFDC से जुड़े

अमित शाह ने बताया कि देश में कुल करीब 1,400 शहरी सहकारी बैंक हैं, जिनमें से 690 बैंक अब तक NUCFDC के सदस्य बन चुके हैं। उन्होंने बाकी बैंकों से भी एक साल के भीतर इससे जुड़ने की अपील की। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा बैंकों को जोड़ने के लिए NUCFDC से सदस्यता शुल्क कम करने पर विचार करने को कहा।

छोटे कर्जदार सबसे सुरक्षित, महाराष्ट्र की बड़ी भूमिका

अमित शाह ने छोटे कर्जदारों को UCBs के लिए सबसे सुरक्षित ग्राहक बताया। उन्होंने गुजरात के एक बैंक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बिना गारंटी दिए गए ₹2.5 लाख तक के कर्ज की वसूली 99 फीसदी से अधिक रही।

NUCFDC अपना मुख्य कार्यालय नई दिल्ली से महाराष्ट्र स्थानांतरित कर रहा है। सहकारिता मंत्री ने इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया कि देश के कुल UCBs में से 449 बैंक अकेले महाराष्ट्र में हैं। देश के करीब 70 फीसदी शहरी सहकारी बैंक महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा और कर्नाटक में स्थित हैं।

Also Read: न्यायाधिकरणों में नियुक्तियों के लिए बनेगा ‘राष्ट्रीय आयोग’, केंद्र सरकार अगले सप्ताह लोकसभा में पेश करेगी नया विधेयक

Related Articles

Back to top button