लखनऊ ट्रिपल मर्डर कांड: 3 शवों के साथ परिजनों का भारी हंगामा, 10 थानों की पुलिस तैनात

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र स्थित ब्राह्मणी टोला (नौबस्ता) में पार्किंग विवाद को लेकर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में तीन लोगों (पिता, पुत्र और भतीजे) की मौत के बाद मामला गरमा गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों के घर पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने घटनास्थल के पास शवों को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों की प्रमुख मांगें
मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई और उसका एनकाउंटर।
मृतक शिवा की बेटी को सरकारी नौकरी।
पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ का मुआवजा।
लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई।
पुलिस अधिकारियों पर गिरी गाज, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटनास्थल पर बढ़ते तनाव को देखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 10 थानों की पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। परिजनों द्वारा पुलिसिया लापरवाही के लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद, पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और 4 खाली खोखे बरामद किए गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।




