शुगर मार्केट के लिए सरकार का बड़ा कदम: थोक चीनी की स्टॉक लिमिट बढ़कर 30 दिन, जानिए क्या पड़ेगा असर

Lucknow Focus News Desk: केंद्र सरकार के खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग ने आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए थोक चीनी उपभोक्ताओं (औद्योगिक उपयोगकर्ताओं) के लिए स्टॉक रखने की सीमा को 15 दिन से बढ़ाकर 30 दिन कर दिया है। सरकार का यह फैसला थोक उपभोक्ताओं की मांग के आधार पर लिया गया है, ताकि त्योहारी सीजन के दौरान बढ़ी हुई मांग को पूरा किया जा सके और चीनी आपूर्ति में लचीलापन बना रहे।
बढ़ी हुई सीमा के तहत, 15 दिन से अधिक का अतिरिक्त स्टॉक केवल टैरिफ दर कोटा (TRQ) या एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम (AAS) के तहत आयातित चीनी का ही हो सकता है, जबकि खुले बाजार से ली गई चीनी पर 15 दिन की खपत की सीमा लागू रहेगी। इसके अलावा, सरकार ने बताया कि एक्स-मिल चीनी कीमतों में लगभग 25% की गिरावट आई है, लेकिन खुदरा कीमतों में केवल 10% की ही कमी देखी गई है। सरकार ने व्यापारियों से अपील की है कि वे घटती थोक दरों का फायदा सीधा आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं।




