उत्तर प्रदेश

बाराबंकी: तिरंगा यात्रा से गूंज उठा छन्दवल गांव, बच्चों ने बुलंद किए राष्ट्रभक्ति के नारे

Lucknow Focsu News Desk: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को देशभक्ति का अनूठा उत्साह देखने को मिला। ‘बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान’ द्वारा संचालित चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल के विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली, जिससे पूरा छन्दवल गांव राष्ट्रभक्ति के जयकारों से गूंज उठा।

खण्ड शिक्षा अधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार राय ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि “तिरंगे का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है और यह हमारे शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है।”

गांव की गलियों में गूंजे देशभक्ति के नारे

तिरंगा यात्रा चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल से शुरू होकर बड़ी छन्दवल और छोटी छन्दवल के विभिन्न मोहल्लों से गुजरी। हाथों में तिरंगा थामे 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने “हर कदम देश के लिए”, “तिरंगा मेरी शान है, हमें इस पर अभिमान है”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारे लगाए। यात्रा के अंत में विद्यालय परिसर में एक सभा का आयोजन कर रैली का समापन किया गया।

सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की रही सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सिविल डिफेंस के वार्डन धर्मेंद्र कुमार वर्मा के अलावा उप नियंत्रक अनीता प्रताप के निर्देशन में सिविल डिफेंस के करीब एक दर्जन स्वयंसेवकों ने भाग लिया। संस्था के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने यात्रा का मार्गदर्शन किया। इस मौके पर विद्यालय की शिक्षिकाएं, स्टाफ और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button