लखनऊ में 76वां संविधान दिवस: CM योगी ने सामूहिक पाठ में लिया हिस्सा, बोले- कर्तव्य पालन से ही लोकतंत्र मजबूत

Lucknow Focus News Desk: 76वें संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संविधान: न्याय, समता और बंधुता का प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय संविधान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि न्याय, समता और बंधुता भारत के संविधान की मूल भावना हैं। ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की अद्भुत दृष्टि और अथक परिश्रम से निर्मित हमारा संविधान विश्व के सबसे सशक्त लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। संविधान राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति का आधार होने के साथ ही हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान करता है।
कर्तव्यों पर CM योगी का जोर
सीएम योगी ने इस अवसर पर नागरिकों के कर्तव्यों के पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज लोग स्वतंत्रता की कीमत भूलते जा रहे हैं और सिर्फ अधिकार की बात करते हैं, जबकि अधिकार तभी सुरक्षित होते हैं जब हम अपने कर्तव्यों का पालन करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि कर्तव्यहीनता से लोकतंत्र कमजोर होता है और तानाशाही पनपती है। सीएम योगी ने आह्वान किया कि कर्तव्यों का पालन कर ही हम आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को साकार कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान का अपमान करना बाबा साहेब आंबेडकर, स्वतंत्रता सेनानियों और देश की आधी आबादी का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत हुआ था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से 2015 से पूरे देश में इसे संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।




