डायल 112 महिला कर्मियों के समर्थन में अनिल दुबे ने दिया धरना


कहा-रालोद इन कर्मियों के साथ, मांगे न मानीं गईं तो जयंत चौधरी राज्यसभा में उठाएंगे यह मुद्दा
लखनऊ फोकस न्यूज
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने गुरुवार को वेतन बढ़ोतरी सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर इको गार्डन में चल रहे यूपी डायल 112 महिला कर्मियों के धरने में पहुंचकर उनकी मांगों का समर्थन किया। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह के निर्देश पर धरने पर पहुंचे दुबे महिला कर्मियों की मांगों का समर्थन करते हुए उनके साथ धरने पर भी बैठे।
धरने पर बैठी महिला कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अनिल दुबे ने कहा कि डायल 112 महिला कर्मचारियों के धरने को कुचलने के लिए सरकार ने महिला कर्मियों पर दो-दो केस दर्ज कराकर संवेदनशून्यता की सारी सीमा रेखा पार कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस तंत्र को मजबूत करने के लिए कार्यरत महिला कर्मचारियों को नौकरी से निकलने का सरकार खड्यंत्र कर रही है, जो कि बहुत ही निंदनीय और असहनीय है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में महिला कर्मचारी इको गार्डन में धरने पर बैठी हैं और सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला-हितैषी होने को दिखावा बताते हुए नौजवानों और महिलाओं को रोजगार मांगने पर पुलिस से पिटवाकर अपमानित करने का काम कर रही है। डायल 112 की सेवा का भी रेलवे व एयरपोर्ट की तरह निजीकरण कर दिया गया, जो कि गलत है।
इको गार्डन में धरना दे रही महिला कर्मियों को भरोसा दिलाते हुए दुबे ने कहा कि उनकी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय लोकदल और पार्टी नेतृत्व सदैव उनके साथ खड़ा है। उनकी पांच सूत्रीय मांगें, जिनमें वेतन बढ़ोतरी, आकस्मिक अवकाश, साप्ताहिक अवकाश, मातृत्व अवकाश, स्थायी नौकरी व महिला कर्मियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग अगर सरकार ने नहीं मानीं तो महिला कर्मचारियों का यह मुद्दा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह राज्यसभा में उठायेंगे।




