उत्तर प्रदेश

यूपी में बर्फीली ठंड का टॉर्चर: 32 जिलों में ‘कोल्ड डे’ का अलर्ट, अयोध्या और आजमगढ़ सबसे ठंडे

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश इस समय प्रचंड शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। गलन और ठिठुरन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 32 जिलों के लिए ‘कोल्ड डे’ (शीत दिवस) की चेतावनी जारी की है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।

अयोध्या और आजमगढ़ में पारा सबसे नीचे

बुधवार की रात प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अयोध्या और आजमगढ़ 5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडे स्थान रहे। घने कोहरे के कारण दृश्यता (Visibility) काफी कम है, जिससे यातायात और ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। 32 जिलों में ‘कोल्ड डे’ का कहर: कानपुर, आगरा, बरेली, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ समेत 32 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की संभावना है। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, अयोध्या और झांसी समेत कई जिलों में ‘अत्यधिक घने कोहरे’ की चेतावनी दी गई है।

राहत के संकेत और अगली करवट

मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड के बीच आंशिक राहत की उम्मीद भी जताई है। 9 से 11 जनवरी (शुक्रवार से रविवार) के बीच कोहरे के घनत्व में कमी आएगी और दिन व रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। आगामी सोमवार (12 जनवरी) से मौसम एक बार फिर करवट लेगा और पारे में दोबारा गिरावट के साथ गलन बढ़ेगी।

इन जिलों में रहें सावधान (मुख्य प्रभावित क्षेत्र)

कोल्ड डे जोन: कुशीनगर, महाराजगंज, श्रावस्ती, बहराइच, हरदोई, मथुरा, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, शाहजहांपुर, बदायूं और आसपास के क्षेत्र। कोहरा जोन (ऑरेंज अलर्ट): जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर और बिजनौर।

Related Articles

Back to top button