देश

मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: अब 2031 तक सुरक्षित रहेगा बुढ़ापा, MSME को मिले 5,000 करोड़

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में आम आदमी की सामाजिक सुरक्षा और छोटे कारोबारियों की उन्नति के लिए दो ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। सरकार ने जहाँ अटल पेंशन योजना (APY) को अगले 5 सालों के लिए बढ़ा दिया है, वहीं MSME सेक्टर में नई जान फूंकने के लिए भारी-भरकम बजट को मंजूरी दी है।

 बुढ़ापे का सहारा: 2030-31 तक बढ़ी अटल पेंशन योजना

असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों और कामगारों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने अटल पेंशन योजना को वित्त वर्ष 2030-31 तक जारी रखने का फैसला किया है। 60 साल की उम्र के बाद ₹1,000 से ₹5,000 तक की गारंटीड पेंशन मिलती रहेगी। 2015 में शुरू हुई इस योजना से अब तक करीब 8.66 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं। सरकार अब ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक कर इस सुरक्षा घेरे में लाएगी।

छोटे उद्योगों को ‘बूस्टर डोज’: सिडबी को ₹5,000 करोड़ की मदद

छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME) को सस्ता कर्ज दिलाने के लिए सरकार SIDBI (भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक) में 5,000 करोड़ रुपये की पूंजी डालेगी। यह पैसा तीन किस्तों में दिया जाएगा।

इस पूंजी की मदद से सिडबी कम ब्याज दरों पर छोटे उद्यमियों को लोन दे सकेगा। सरकार का अनुमान है कि इस निवेश से करीब 1.12 करोड़ नए रोजगार पैदा होंगे और 25 लाख से ज्यादा नए उद्यमियों को सीधा फायदा पहुंचेगा।

सरकार के ये दोनों कदम एक तरफ गरीब वर्ग को सामाजिक सुरक्षा (पेंशन) का कवच दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ छोटे उद्योगों को आर्थिक ताकत देकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button