बिहार ‘जंगल राज’ नहीं आने देगा, सुशासन के लिए वोट करेगा: समस्तीपुर रैली में PM मोदी

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान का विधिवत आगाज़ करते हुए विपक्षी दलों पर करारा हमला बोला और दावा किया कि बिहार की जनता ‘जंगल राज’ को वापस नहीं आने देगी, बल्कि सुशासन और विकास के लिए वोट करेगी।
समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम में चुनावी रैली को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी ने सुबह समाजवादी नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को उनके पैतृक गांव में श्रद्धांजलि अर्पित की।
‘नई रफ़्तार से चलेगा बिहार, फिर NDA सरकार’
जनसभा में आए भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना उनकी शक्ति है। उन्होंने कहा कि “इस बार आपके मूड ने यह पक्का कर दिया है कि नई रफ्तार से चलेगा बिहार, फिर जब आएगी एनडीए सरकार।”
कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा पर सुशासन का दावा
पीएम मोदी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को अपनी सरकार का प्रेरणापुंज बताया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा को सुशासन का आधार मानती है। उन्होंने पूछा कि गरीबों को पक्का घर, मुफ्त अनाज, मुफ्त इलाज, शौचालय, नल का जल और सम्मान का जीवन देना क्या सेवा नहीं है? उन्होंने जोर दिया कि एनडीए सरकार गरीब, दलित, पिछड़े और अति पिछड़ों के कल्याण के लिए काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद के परिवार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू परिवार हजारों करोड़ के घोटाले के मामले में जमानत पर चल रहा है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया, “इन्होंने तो जननायक की उपाधि भी चोरी कर ली है।” उन्होंने बिहार के लोगों से कहा कि वे ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं करेंगे जिन्होंने राज्य के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
‘बिहार को अब लालटेन की ज़रूरत नहीं’
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने मोबाइल की लाइट जलाने के लिए कहा। जब लोगों ने लाइट जलाई, तो उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, “जब इतनी लाइटें हैं तो आपको लालटेन (आरजेडी का चुनाव चिह्न) की ज़रूरत है क्या? बिहार में अब लालटेन की ज़रूरत नहीं है।”
उन्होंने सस्ते इंटरनेट और डाटा की उपलब्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार के युवा इसके माध्यम से अच्छी कमाई कर रहे हैं। उन्होंने मिथिला क्षेत्र के खेती, मछलीपालन और पशुपालन क्षेत्र में हुए विकास की बात करते हुए कहा कि बिहार अब मछली दूसरे राज्यों को भेजता है।
आरजेडी और कांग्रेस की ‘बदनियत’ से सावधान रहने की अपील
पीएम मोदी ने राजद और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर लोगों को ‘बदनियत’ से सावधान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये गठबंधन वाले जिन्हें चुनाव लड़वा रहे हैं, उनका प्रचार ‘गोली-बंदूक के बल’ पर चल रहा है। उन्होंने लोगों से ‘जंगलराज वालों का डिब्बा गुम’ करने की अपील की और कहा कि इन लोगों से सावधान रहना ज़रूरी है।
प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा गरीबों को दिए गए मुफ्त गैस कनेक्शन, शौचालय निर्माण, और 5 लाख तक के मुफ्त इलाज जैसी सुविधाओं का जिक्र किया। उन्होंने महिलाओं के रोजगार पर बल देते हुए वादा किया कि 14 नवंबर के बाद जब फिर से एनडीए सरकार बनेगी, तो गरीब महिलाओं को रोजगार के लिए और अधिक मदद दी जाएगी।
कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील
रैली के अंत में पीएम मोदी ने एनडीए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा, जदयू, लोजपा, हम और रालोमो सभी दल एक मंच पर हैं और जिस भी दल का उम्मीदवार मैदान में है, उसे जिताना है। उन्होंने मतदाताओं से 6 और 11 नवंबर को पहले मतदान करने, फिर जलपान करने का आह्वान करते हुए रिकॉर्ड वोटिंग बनाने पर जोर दिया।