उत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी के सभी 75 जिलों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, लखनऊ पुलिस लाइन में दिखा हवाई हमले और रेस्क्यू का नजारा

Lucknow Focus News Desk: आपातकालीन परिस्थितियों और संभावित हवाई हमले जैसी चुनौतियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम पूरे उत्तर प्रदेश में ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट किया गया और कई स्थानों पर सायरन बजाकर आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था का अभ्यास किया गया।

लखनऊ पुलिस लाइन में दिखा रिहर्सल का दृश्य

मॉकड्रिल के तहत लखनऊ की पुलिस लाइन में आपात स्थिति का जीवंत अभ्यास किया गया। रिहर्सल के दौरान पार्क में बैठे लोगों, अखबार पढ़ रहे नागरिकों और भजन गा रहे लोगों के बीच अचानक धमाके की आवाज और हवाई हमले के सायरन गूंजने के साथ अफरातफरी की स्थिति दर्शाई गई। इस काल्पनिक हमले में पार्क में मौजूद लोगों को सिर, हाथ या पैर में चोट लगने जैसे दृश्य दिखाए गए।

रेस्क्यू, आग बुझाने और बचाव अभियान का अभ्यास

अभ्यास के दौरान सिविल डिफेंस की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पार्क में घायल दिखाए गए लोगों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) दिया। साथ ही गीले कंबल और पानी की मदद से आग बुझाने तथा रेस्तरां में सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया गया।

NDRF और SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन

मॉकड्रिल में बमबारी से इमारत गिरने और ऊंची इमारतों में धुआं भरने व लोगों के फंसने की स्थिति बनाई गई। मलबे में फंसे लोगों को खोजने के लिए SDRF के जवान आवाज लगाते और “यदि कोई आवाज सुन रहा है तो जवाब दें या किसी ठोस वस्तु पर पांच बार प्रहार करें” जैसे निर्देश देते नजर आए। जाल और रस्सियों की सहायता से फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

एक अन्य दृश्य में कार में आग लगने और दरवाजे जाम होने पर शीशा तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास भी किया गया।

इस व्यापक मॉकड्रिल में सिविल डिफेंस, आपदा प्रबंधन, NDRF और SDRF की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ राहत व बचाव कार्यों का अभ्यास किया, ताकि किसी भी वास्तविक आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button