यूपी कैबिनेट की बैठक आज: कर्मचारियों को 2% DA का तोहफा और नई तबादला नीति पर लगेगी मुहर

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज कई महत्वपूर्ण फैसलों से राज्य कर्मचारियों और विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज दोपहर 3:00 बजे सीएम आवास पर कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी, नई तबादला नीति और सड़कों के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत: 2% बढ़ेगा डीए (DA)
कैबिनेट बैठक में राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए खुशखबरी आ सकती है। महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। सूत्रों के अनुसार, डीए की बढ़ी हुई दरें जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी, जिससे कर्मचारियों को पिछले महीनों का बकाया (Arrear) भी मिलेगा।
तबादला नीति 2026: 31 मई तक होंगे ट्रांसफर
प्रदेश में नई तबादला नीति को आज कैबिनेट से हरी झंडी मिल सकती है। इसके मुख्य बिंदु इस प्रकार रहने की संभावना है। सरकारी विभागों में स्थानांतरण की प्रक्रिया 31 मई तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। जो कर्मचारी एक जिले में 3 साल और एक मंडल में 7 साल की सेवा पूरी कर चुके हैं, वे इस नीति के दायरे में आएंगे। विकास की दृष्टि से पिछड़े ‘आकांक्षी जिलों’ में कोई भी पद रिक्त न रखने की पुरानी व्यवस्था को बरकरार रखा जाएगा।
सड़कों का निर्माण: तारकोल की कीमतों का होगा समायोजन
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और वैश्विक कारणों से तारकोल (Bitumen) की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिससे यूपी में सड़कों के निर्माण की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। पुराने टेंडरों में काम कर रहे ठेकेदारों के लिए बढ़ी हुई कीमतों पर काम करना मुश्किल हो रहा है। कैबिनेट बैठक में पुराने टेंडरों में कीमतों को ‘समायोजित’ (Adjust) करने पर विचार होगा, ताकि अटके हुए सड़क निर्माण कार्यों को फिर से शुरू किया जा सके।




