LPG बुकिंग पर बड़ा अपडेट: केंद्र सरकार ने नियमों में बदलाव की खबरों को नकारा, पुरानी व्यवस्था ही रहेगी लागू

Lucknow Focus News Desk: रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में बड़े बदलाव और लंबी वेटिंग पीरियड को लेकर पिछले 24 घंटों से चल रही खबरों पर केंद्र सरकार ने पूर्णविराम लगा दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि गैस रिफिल बुकिंग की व्यवस्था में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है और पुरानी प्रक्रिया ही सुचारू रूप से जारी रहेगी।
भ्रम और हकीकत: क्या थी खबर?
मंगलवार को यह जानकारी तेजी से फैली थी कि तेल कंपनियों ने सॉफ्टवेयर में बदलाव कर रिफिलिंग की समय सीमा बढ़ा दी है। दावों के मुताबिक दो सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं को 35 दिन और उज्ज्वला लाभार्थियों को 45 दिन बाद ही सिलेंडर मिलने की बात कही गई थी।
मंत्रालय ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि एलपीजी रिफिल की मौजूदा समयसीमा पहले की तरह ही है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल सभी प्रकार के कनेक्शनों पर समान रूप से लागू रहेगा।
‘छोटू’ सिलेंडर पर भी स्थिति साफ
नई व्यवस्था के नाम पर यह भी दावा किया गया था कि 5 किलो वाले ‘छोटू’ सिलेंडर के लिए उज्ज्वला लाभार्थियों को 16 दिन और सामान्य उपभोक्ताओं को 9 दिन का इंतजार करना होगा। सरकार ने इसे भी गलत बताया है और स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
अधिकारियों के बयानों से बढ़ा था असमंजस
गौरतलब है कि जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार के हवाले से यह खबर आई थी कि नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और सिस्टम तय समय से पहले बुकिंग स्वीकार नहीं करेगा। हालांकि, पेट्रोलियम मंत्रालय के ताजा रुख के बाद अब यह साफ हो गया है कि जमाखोरी रोकने के नाम पर किसी भी उपभोक्ता की सामान्य आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी।
Also Read: मिशन शक्ति: 29,193 बालिकाओं से महिला अधिकारियों व प्रेरक महिलाओं का संवाद




