‘बाहर से CWC, अंदर से PWC’, सर्जिकल स्ट्राइक पर बयान देकर घिरे चरणजीत चन्नी, BJP का कांग्रेस पर बड़ा हमला

पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी के सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए गए विवादास्पद बयान के बाद भारतीय राजनीति में एक बार फिर गर्मा-गर्मी का माहौल बन गया है। चन्नी द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा हमला बोला है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर पाकिस्तान के हित में बोलने का आरोप लगाया है।
“कहीं कुछ नहीं हुआ, मैंने हमेशा सबूत मांगे”
चन्नी ने हाल ही में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलवामा हमले और सरकार की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा था, कहां हुई सर्जिकल स्ट्राइक? किसी को कुछ नहीं पता चला, कहीं कुछ नहीं हुआ। मैंने हमेशा इसके सबूत मांगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहलगाम जैसे आतंकी हमलों के बाद सरकार को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन केवल दिखावटी कदम उठाए गए।
बीजेपी का पलटवार – कांग्रेस बढ़ा रही पाकिस्तान का मनोबल
इस बयान के बाद BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा यह कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) नहीं, पाकिस्तान वर्किंग कमेटी (PWC) बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया देश की सेना के मनोबल को कमजोर करता है और पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देता है। पात्रा ने यह भी कहा कि चन्नी जैसे नेताओं के बयान से भारतीय सेना का अपमान होता है।
संबित पात्रा ने कांग्रेस के अन्य नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार पाकिस्तान की भाषा बोलती रही है। उन्होंने कहा, सैफुद्दीन सोज कहते हैं कि पाकिस्तान का आतंकवाद से कोई लेना-देना नहीं, सिद्धारमैया युद्ध के खिलाफ बयान देते हैं। कांग्रेस हर बार पाकिस्तान के एजेंडे को बल देती है। पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आतंकवाद के मुद्दे पर हमेशा भ्रम फैलाने की कोशिश करती है और सुरक्षा बलों के परिश्रम को नजरअंदाज करती है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। इसी घटना के बाद कांग्रेस और BJP के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चल रहा है। कांग्रेस सरकार पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगा रही है, जबकि बीजेपी कांग्रेस के बयानों को देशविरोधी करार दे रही है।
चरणजीत चन्नी के बयान ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक जैसे संवेदनशील मुद्दे को लेकर राजनीतिक बहस छेड़ दी है। एक ओर जहां कांग्रेस सरकार की नीति पर सवाल उठा रही है, वहीं बीजेपी इसे सेना और राष्ट्रविरोधी मानसिकता करार दे रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक विमर्श का बड़ा केंद्र बन सकता है।