‘डेटा आपका, दर्द आपका, दौलत इनकी’, प्रयागराज में छात्रों से संवाद के दौरान केंद्र सरकार पर बरसे राहुल गांधी

Lucknow Focsu News Desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को छात्रों से संवाद करने प्रयागराज पहुंचे। करीब डेढ़ बजे विशेष विमान से प्रयागराज पहुंचे राहुल गांधी का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वह अपने पैतृक निवास स्वराज भवन पहुंचे। शाम को सात बजे राहुल गांधी मंच पर पहुंचे, जहाँ उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। संवाद स्थल पर भारी भीड़ मौजूद रही।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र ने उठाई समस्याएं
संवाद के दौरान इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि छात्र ने लाइब्रेरी से जुड़ा मुद्दा उठाया। छात्र ने बताया कि लाइब्रेरी में बरसात के दौरान पानी भर जाता है और किताबें नहीं मिल पाती हैं। छात्रों से कहा जाता है कि लाइब्रेरी में जाओगे तो करंट लग सकता है। विरोध करने पर बाउंसरों से पिटवाया जाता है और फर्जी प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जाती है।
रोजगार, मैन्युफैक्चरिंग और आर्थिक नीतियों पर हमला
छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “प्राब्लम यह है कि आप पढ़ाई करते हो, पैसा डालते हो लेकिन रोजगार के सारे दरवाजे बंद पड़े हुए हैं। दुनिया में ‘मेड इन चाइना’ और ‘मेड इन वियतनाम’ तो दिखेगा, लेकिन ‘मेड इन इंडिया’ नहीं दिखेगा। जीएसटी और नोटबंदी ने सारे सिस्टम को बंद कर दिया।”
संस्थानों के नियंत्रण और संसाधनों पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने राजनीतिक व्यवस्था और संस्थानों के पुनर्गठन पर बात करते हुए आरोप लगाया कि “पहले बीजेपी का बैंक बैलेंस 150 करोड़ था, जो आज 10 हजार करोड़ रुपये हो चुका है। इससे पॉलिटिकल सिस्टम और आपकी सोच पर कंट्रोल किया जा रहा है।” “आरएसएस के वाइस चांसलर बिठाकर और हर संस्था, ब्यूरोक्रेसी, पैरामिलिट्री तथा विश्वविद्यालयों में प्रचारक बैठाए गए हैं।” “नरेंद्र मोदी, अमित शाह और अडानी ने रोजगार खत्म कर दिया है। देश के नवरत्नों को बेच दिया गया और पूरा एयरपोर्ट अडानी को दे दिया गया।” “आपके डेटा का प्रयोग करके एआई (AI) से सारे दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। यह सिस्टम कौन चलाता है—डेटा आपका, दर्द आपका, लेकिन दौलत इनकी है।”




