हेल्थ एंड वेलनेस

गर्मियों में आम और दूध का साथ सेवन बन सकता है सेहत के लिए खतरनाक, जानें क्या कहता है आयुर्वेद?

Lucknow Focus News Desk: गर्मियां आते ही बाजार में मैंगो शेक की बहार आ जाती है। मीठे-रसदार आम और ठंडे दूध का ये मेल स्वाद में जितना लाजवाब लगता है, सेहत के लिहाज़ से उतना ही नुकसानदेह भी हो सकता है। आयुर्वेद के अनुसार, दूध और आम का एक साथ सेवन स्वास्थ्य के लिए अनुचित संयोजन (विरुद्ध आहार) माना गया है।

हालांकि आम और दूध दोनों अपने-अपने तौर पर स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन जब इन्हें एक साथ मिलाकर लिया जाता है, तो यह शरीर के लिए कई तरह की परेशानियां पैदा कर सकता है। आइए जानते हैं क्यों आयुर्वेद विशेषज्ञ आम और दूध के कॉम्बिनेशन से दूरी बनाने की सलाह देते हैं:

शरीर में टॉक्सिन (विषैले तत्व) बनने का खतरा

आयुर्वेद में यह स्पष्ट रूप से बताया गया है कि कुछ फल खासकर आम के साथ दूध मिलाने से शरीर में ‘अमा’ नामक विषैले तत्व का निर्माण हो सकता है। यह अमा धीरे-धीरे शरीर में जमा हो जाता है और फिर पाचन तंत्र को कमजोर, मेटाबॉलिज्म को धीमा और इम्यूनिटी को कमज़ोर कर सकता है।

स्किन संबंधी समस्याएं

दूध और आम का कॉम्बिनेशन शरीर में त्वचा की एलर्जी, मुंहासे और चकत्ते जैसी समस्याओं को जन्म दे सकता है। यह मिश्रण शरीर की गर्मी बढ़ाता है जिससे त्वचा पर नेगेटिव असर दिख सकता है, खासकर उन लोगों को जो पहले से स्किन प्रॉब्लम्स से जूझ रहे हों।

लैक्टोज इन्टॉलरेंस वालों के लिए हानिकारक

जिन लोगों को लैक्टोज इन्टॉलरेंस है यानी जिन्हें दूध पचाने में दिक्कत होती है, उनके लिए आम और दूध का एक साथ सेवन पेट में गैस, ऐंठन, दस्त और मिचली जैसी परेशानियां बढ़ा सकता है। आम में मौजूद नैचुरल एसिडिटी, दूध को पचाना और मुश्किल बना देती है।

पाचन पर बुरा असर

आम में फाइबर और प्राकृतिक मिठास होती है, जबकि दूध एक भारी प्रोटीनयुक्त पदार्थ है। इन दोनों का मेल पाचन प्रक्रिया में बाधा डालता है और पेट फूलना, भारीपन और एसिडिटी जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है। यह कॉम्बिनेशन खाना पचाने की बजाय, उसे सड़ाने जैसा असर कर सकता है।

तो क्या करें? जानें हेल्दी विकल्प

अगर आप मैंगो शेक के दीवाने हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। थोड़ा सा ध्यान देकर इसे हेल्दी तरीके से लिया जा सकता है:

हमेशा पके हुए, मीठे आम का ही इस्तेमाल करें।

दूध को अच्छी तरह उबालकर ठंडा कर लें, ताकि फर्मेंटेशन का खतरा कम हो।

अगर संभव हो तो प्लांट-बेस्ड मिल्क जैसे बादाम दूध या ओट मिल्क का उपयोग करें।

सबसे बेहतर विकल्प यह है कि आम और दूध को अलग-अलग समय पर खाएं, ताकि पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

गर्मियों में आम और दूध दोनों ही अपनी जगह फायदेमंद हैं, लेकिन इन्हें एक साथ लेने से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए आयुर्वेद की सलाह मानते हुए, बेहतर होगा कि आप स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन बनाए रखें।

Also Read: क्या है एंटी-इंफ्लेमेटरी डाइट? जानें सूजन कम करने वाले आहार के फायदे

Related Articles

Back to top button