उत्तर प्रदेश

अयोध्या: मकर संक्रांति पर रामलला को लगेगा ‘खिचड़ी’ का विशेष भोग; 15 जनवरी को रामनगरी में मनेगा महापर्व

Lucknow Focus News Desk: मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या इस वर्ष मकर संक्रांति के उत्सव के लिए पूरी तरह तैयार है। 15 जनवरी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला को विशेष रूप से खिचड़ी का भोग लगाया जाएगा। इस अवसर पर रामनगरी के मठ-मंदिरों में श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ने की उम्मीद है।

रामलला का विशेष पूजन और भोग

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर रामलला के दरबार में भव्य आयोजन होगा। रामलला को नवग्रहों का प्रतीक मानी जाने वाली ‘खिचड़ी’ के साथ तिल, गुड़ और सात्विक व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। ज्योतिषियों के अनुसार, संक्रांति 14 जनवरी की रात को लग रही है, लेकिन उदयातिथि के अनुसार स्नान-दान का महापर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा। दोपहर 1:39 बजे तक का समय पुण्य प्राप्ति के लिए सर्वश्रेष्ठ है। खिचड़ी को शनिदेव का प्रिय माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन खिचड़ी के सेवन और दान से नवग्रहों के दोष शांत होते हैं।

सरयू स्नान और दान-पुण्य की महिमा

पर्व को लेकर अयोध्या के प्रशासन और मंदिरों ने व्यापक तैयारियां की हैं। हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल समेत प्रमुख सिद्धपीठों में भगवान को तिल-गुड़ अर्पित किया जाएगा। मणिराम दास की छावनी, श्रीराम बल्लभाकुंज और सियाराम किला जैसे स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल खिचड़ी प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। इस दिन सरयू नदी में स्नान के बाद अन्न, तिल, वस्त्र और कंबल दान करने की परंपरा है, जिसे शास्त्रानुसार अनंत फलदायी माना गया है।

Related Articles

Back to top button