नेहा सिंह राठौर के खिलाफ UP में FIR दर्ज, PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बवाल

Lucknow Focus News Desk: भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के चलते उनके खिलाफ वाराणसी के लंका थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई श्री हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह की शिकायत पर की गई है।
सुधीर सिंह का आरोप है कि नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी को अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया और उन्हें “कायर” और “जनरल डायर” कहकर आलोचना की। उनका दावा है कि यह वीडियो पाकिस्तान में वायरल किया जा रहा है, जिससे न सिर्फ काशी के लोगों की, बल्कि पूरे देश की भावनाएं आहत हुई हैं।
केंद्र सरकार की नीतियों की थी आलोचना
नेहा सिंह राठौर, जो अपने राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर आधारित गीतों को लेकर चर्चा में रहती हैं, हाल ही में पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करती नजर आई थीं। सुधीर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके वीडियो को देश विरोधी ताकतें न सिर्फ प्रमोट कर रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से भी समर्थन दे रही हैं।
उनकी शिकायत में यह भी मांग की गई कि नेहा सिंह राठौर पर देशद्रोह जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमा चलाया जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वाराणसी के लंका, भेलूपुर और आसपास के कई थानों में 400 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें नेहा पर राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने और सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ने का आरोप लगाया गया है।
यह पहली बार नहीं है जब नेहा किसी विवाद में फंसी हैं। इससे पहले लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी उनके खिलाफ देशद्रोह और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी।




