उर्फी जावेद का ‘बायोप्लास्टिक’ अवतार, केले के छिलकों से बना डाली ऐसी ड्रेस, क्रिएटिविटी देख नेटिज़न्स भी हैरान

Lucknow Focus News Desk: अपने सतरंगी और अनोखे फैशन सेंस के लिए मशहूर एक्ट्रेस उर्फी जावेद ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके पास क्रिएटिविटी की कोई कमी नहीं है। अक्सर ट्रोल होने वाली उर्फी इस बार अपनी नई ड्रेस को लेकर जमकर वाहवाही लूट रही हैं। उन्होंने ‘बायोप्लास्टिक’ का इस्तेमाल कर एक ऐसी ड्रेस तैयार की है, जिसे देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल है कि यह घर में पड़े कचरे (केले के छिलकों) से बनी है।
केले के छिलके से लेकर ‘आम पापड़’ जैसी शीट तक
उर्फी जावेद ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इस पूरी प्रक्रिया का खुलासा किया। वीडियो में उर्फी ने बताया कि इस बार उन्होंने कुछ अलग करने की ठानी थी। सबसे पहले केले के छिलकों को पीसा गया, फिर उसमें अगर-अगर (Agar-Agar) और ग्लिसरीन मिलाया गया। इस मिश्रण से बायोप्लास्टिक शीट तैयार की गई, जिसे सांचों में डालकर धूप में सुखाया गया। सूखने के बाद ये शीट ‘आम पापड़’ की तरह लचीली हो गईं, जिन्हें काटकर और सिलकर उर्फी ने एक बेहद ग्लैमरस ड्रेस का रूप दे दिया।
वीडियो में उर्फी काफी उत्साहित नजर आ रही हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि यह ड्रेस और भी बेहतर हो सकती थी, लेकिन बायोप्लास्टिक के साथ यह उनका पहला प्रयोग था। उन्होंने पर्यावरण के अनुकूल फैशन (Eco-friendly Fashion) की दिशा में यह कदम उठाकर अपने आलोचकों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।
नेटिज़न्स हुए मुरीद
सोशल मीडिया पर इस वीडियो के आते ही कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। जहां लोग पहले उर्फी को ट्रोल करते थे, अब उनके इस वैज्ञानिक और रचनात्मक दृष्टिकोण की तारीफ कर रहे हैं।
भले ही फिल्मी पर्दे पर उर्फी जावेद को अब तक कोई बड़ी कामयाबी न मिली हो, लेकिन डिजिटल स्पेस में वे एक ‘फैशन आइकन’ बन चुकी हैं। मोती, सेलो टेप, बैंडेज, ब्लेड और अब बायोप्लास्टिक उर्फी का हर प्रयोग वायरल होता है। उनके पास आइडियाज का ऐसा भंडार है जो बड़े-बड़े डिजाइनर्स को भी मात दे देता है।




