सतीश शाह की प्रार्थना सभा में भावुक हुईं रुपाली गांगुली, मीडिया से की खास अपील

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता सतीश शाह के निधन के बाद सोमवार को मुंबई के जुहू स्थित जालाराम हॉल में उनकी श्रद्धांजलि सभा रखी गई। इस दौरान फिल्म और टीवी जगत के तमाम कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ में उनके साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री रुपाली गांगुली इस मौके पर एक बार फिर भावुक नजर आईं और मीडिया से एक विशेष आग्रह किया।
रुपाली गांगुली की अपील
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद मीडिया को संबोधित करते हुए रुपाली गांगुली ने हाथ जोड़कर अपील की कि वे सतीश शाह की पत्नी मधु शाह को कैमरे में कैद न करें। रुपाली ने कहा, “कृपया कैमरे नीचे कर लीजिए, मधु काकी को न लें। उन्हें जाने दीजिए, हम सब यहां हैं।” रुपाली का यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। बताया गया कि मधु शाह इस वक्त अल्जाइमर की बीमारी से जूझ रही हैं और पति को खोने के गहरे सदमे में थीं।
भावुक श्रद्धांजलि
74 वर्षीय सतीश शाह का निधन बीते शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हो गया था। उनके निधन से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर है।
इस प्रार्थना सभा की पूरी व्यवस्था शो के निर्माता जमनादास मजीठिया और लेखक आतिश कपाड़िया संभाल रहे थे। शो की टीम के सदस्य रूपाली गांगुली, सुमीत राघवन और राजेश कुमार सभी मौजूद थे। प्रार्थना सभा में टीम ने एक बार फिर शो का मशहूर टाइटल ट्रैक गाकर सतीश शाह को श्रद्धांजलि दी।
सबसे भावुक पल तब आया जब सतीश शाह की पत्नी मधु शाह ने गायक सोनू निगम के साथ अपने पति का पसंदीदा गीत ‘तेरे मेरे सपने अब एक रंग हैं’ गुनगुनाया। इस पल पूरे हॉल में सन्नाटा छा गया और कई कलाकारों की आँखें नम हो गईं।
इससे पहले रविवार को भी पूरी टीम ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर सतीश शाह को श्रद्धांजलि दी थी।




