इन्फोटेनमेन्ट

एपीजे अब्दुल कलाम पर बनेगी बायोपिक, मिसाइल मैन की भूमिका निभाएंगे धनुष; ओम राउत ने कान्स में की घोषणा

Lucknow Focus News Desk: भारत के पूर्व राष्ट्रपति और ‘मिसाइल मैन’ के नाम से प्रसिद्ध डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जीवन यात्रा अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। फिल्ममेकर ओम राउत ने कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में इस महत्वाकांक्षी बायोपिक का आधिकारिक ऐलान किया है। इस फिल्म का नाम ‘कलाम’ रखा गया है और इसमें तमिल सुपरस्टार धनुष, डॉ. कलाम की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

इस बायोपिक का निर्देशन ‘तानाजी’ और ‘आदिपुरुष’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक ओम राउत कर रहे हैं, जबकि इसे भूषण कुमार और अभिषेक अग्रवाल प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का कथानक डॉ. कलाम की आत्मकथा ‘विंग्स ऑफ फायर’ पर आधारित होगा, जिसमें उनके बचपन से लेकर राष्ट्रपति बनने तक के प्रेरणादायक सफर को दिखाया जाएगा।

कास्टिंग पर उत्साह, डायरेक्टर को लेकर चिंता

फिल्म की घोषणा जैसे ही सोशल मीडिया पर की गई, दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया, खासकर जब यह सामने आया कि मिसाइल मैन का किरदार धनुष निभा रहे हैं। हालांकि, डायरेक्टर के तौर पर ओम राउत का नाम सामने आने के बाद दर्शकों का रिएक्शन मिला-जुला रहा।

कई यूजर्स ने ओम राउत को लेकर चिंता जताई, खासकर उनकी पिछली फिल्म ‘आदिपुरुष’ की आलोचनात्मक परफॉर्मेंस के चलते। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने यहां तक लिख दिया कि “इस फिल्म का सबसे डरावना हिस्सा ओम राउत हैं।” एक यूजर ने डायरेक्टर को सुझाव दिया कि “वो फिल्म को छोड़ दें ताकि डॉ. कलाम की छवि खराब न हो।”

नेशनल अवॉर्ड विजेताओं का साथ

बावजूद इसके, फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें भी हैं क्योंकि धनुष और ओम राउत दोनों ही नेशनल अवॉर्ड विजेता रह चुके हैं। इस कारण से उनके इस कोलैबोरेशन को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में खासा उत्साह है।

फिलहाल फिल्म ‘कलाम’ प्री-प्रोडक्शन फेज में है और इसकी रिलीज़ डेट अभी घोषित नहीं की गई है। इससे पहले धनुष की फिल्म ‘तेरे इश्क में’ रिलीज होगी, जिसमें वो कृति सेनन के साथ नजर आएंगे और जिसे आनंद एल राय ने निर्देशित किया है।

Related Articles

Back to top button