शिक्षित समाज ही संगठित होकर कर सकता है उन्नत देश का निर्माण- हर्ष वर्धन अग्रवाल


हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट ने मनाई डॉ० भीमराव अम्बेडकर की जयंती
लखनऊ फोकस ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय संविधान के निर्माता एवं महान समाज सुधारक बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की 132वीं जयंती के अवसर पर हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के इंदिरा नगर स्थित कार्यालय में “श्रद्धापूर्ण पुष्पांजलि” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी हर्ष वर्धन अग्रवाल, न्यासी डॉ० रूपल अग्रवाल तथा हेल्प यू ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने बाबा साहब डॉ० भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्ण पुष्पांजलि दी।
इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी हर्ष वर्धन अग्रवाल ने सभी को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर जी ने कमजोर और पिछड़े वर्ग को समानवर्ग व समान अधिकार दिलाने, जाति व्यवस्था का कड़ा विरोध कर समाज में सुधार लाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। यही वजह है कि बाबा साहेब की जयंती को भारत मे “जन समानता दिवस” के रूप में मनाया जाता है। आज के परिवेश में बाबा साहब के बताए तीन मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का पालन राष्ट्रहित में आवश्यक है क्योंकि एक शिक्षित समाज ही संगठित होकर देश को उन्नति की ऊंचाइयों तक ले जाने हेतु संघर्ष कर सकता है। डॉ. अंबेडकर एक महान सोच वाले व्यक्ति थे, जिन्होंने न सिर्फ भारत के बल्कि विश्व के इतिहास में अपनी अलग पहचान बनाई| आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्श जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और समाज में फैले भ्रष्टाचार और व्याप्त बुराइयों के उन्मूलन के लिए प्रयास करना चाहिए।




