भारत का चीन को दो-टूक जवाब: ‘लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा, चीन के इनकार से नहीं बदलेगा तथ्य’

Lucknow Focus News Desk: भारत ने लद्दाख के विभिन्न रणनीतिक स्थानों के मानक नाम (Standard Names) तय करने के अपने फैसले पर चीन की आपत्ति को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है और किसी भी देश के इनकार करने से यह स्थापित तथ्य नहीं बदल सकता।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि केंद्र-शासित प्रदेश लद्दाख हमेशा से भारत का अहम हिस्सा रहा है और रहेगा। चीनी पक्ष के आपत्ति जताने या इनकार करने से इस सच्चाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि ‘सर्वे ऑफ इंडिया’ के आधिकारिक नक्शे पर लद्दाख की 28 जगहों और भौगोलिक विशेषताओं की पहचान स्थानीय हितधारकों के साथ विचार-मविर्ष के बाद मानक नामों के साथ की गई है।
इन स्थानों की औपचारिक पहचान का मुख्य उद्देश्य आम जनता और नागरिकों के लिए इन क्षेत्रों की सटीक जानकारी और बेहतर समझ सुनिश्चित करना है।




