इन्फोटेनमेन्ट

दिलजीत दोसांझ की ‘सरदार जी 3’ ने विदेशों में मचाया तहलका, तोड़े कमाई के रिकॉर्ड

Lucknow Focus News Desk: दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार जी 3 भले ही भारत में रिलीज नहीं हुई हो, लेकिन विदेशों में खासकर पाकिस्तान में फिल्म ने जबरदस्त कमाई कर सभी को चौंका दिया है। तीसरे हफ्ते में भी यह फिल्म लगातार रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है और अब तक पाकिस्तान में 31 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का कारोबार कर चुकी है।

पाकिस्तान में बना नया रिकॉर्ड

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरदार जी 3 ने अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली इंडियन पंजाबी फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है। इसने पॉपुलर पंजाबी फिल्म कैरी ऑन जट्टा 3 को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसने पाकिस्तान में 30 करोड़ की कमाई की थी।

भारत में क्यों नहीं हुई रिलीज?

फिल्म को लेकर भारत में विवाद की स्थिति बनी रही। दरअसल, फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर को कास्ट किया गया है, और इसी वजह से इसे भारत में रिलीज नहीं किया गया। बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 25 लोगों की जान गई थी, के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर अघोषित प्रतिबंध लगा दिया गया था।

मेकर्स ने दी सफाई

फिल्म के निर्माताओं ने इस विवाद पर सफाई देते हुए कहा था कि हानिया आमिर की कास्टिंग पहलगाम हमले से पहले की गई थी और तब तक फिल्म की शूटिंग भी पूरी हो चुकी थी। इसलिए, उन्होंने फिल्म को ओवरसीज रिलीज करने का निर्णय लिया। फिल्म का ट्रेलर भी यूट्यूब पर जारी नहीं किया गया।

ओवरसीज में दमदार शुरुआत

सरदार जी 3 को 27 जून 2025 को ओवरसीज सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। दर्शकों ने फिल्म के ट्रेलर और कहानी दोनों को खासा पसंद किया है। भारत में भले ही यह फिल्म विवादों में घिरी रही हो, लेकिन पाकिस्तान और अन्य देशों में इसकी पॉपुलैरिटी लगातार बढ़ती जा रही है।

Also Read: कियारा और सिद्धार्थ बने माता-पिता, नन्हीं परी ने लिया जन्म! फैंस को आधिकारिक ऐलान का इंतजार

Related Articles

Back to top button