जबलपुर बरगी डैम हादसा: मौत के आंचल में लिपटी मिली ममता, मृतकों की संख्या हुई 9

Lucknow Focus News Desk: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम हुए भीषण क्रूज हादसे में शुक्रवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। शुक्रवार सुबह बचाव दल ने पानी से तीन और शव बरामद किए हैं। अभी भी 6 पर्यटक लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में सेना, एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
रुला देने वाला मंजर: मौत के बाद भी बेटे को कलेजे से लगाए रही मां
बचाव कार्य के दौरान एक ऐसा हृदयविदारक दृश्य सामने आया जिसने वहां मौजूद हर शख्स की रूह कंपा दी। गोताखोरों ने जब एक मां और उसके 4 साल के मासूम बेटे का शव निकाला, तो देखा कि मां ने आखिरी सांस तक अपने बेटे को नहीं छोड़ा था। मासूम बेटा अपनी मां के सीने से लिपटा हुआ था। मौत के बाद भी ममता का यह आंचल नहीं छूटा, जिसे देख रेस्क्यू टीम के सदस्यों की भी आंखें छलक उठीं।
तूफान बना काल: 20 फीट गहरे पानी में फंसा क्रूज
हादसे के वक्त क्रूज में कुल 43 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण पर्यटकों ने चिल्लाकर चालक दल से किनारे लौटने को कहा था, लेकिन शोर के कारण उनकी आवाज अनसुनी रह गई और नाव बीच मझधार में पलट गई। अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हाइड्रोलिक क्रेन और कटर की मदद से 20 फीट गहराई में फंसे क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
देशभर से पहुंची एक्सपर्ट टीमें
हादसे की गंभीरता को देखते हुए हैदराबाद से विशेष रेस्क्यू टीम और हेलीकॉप्टर मंगवाया गया है। कोलकाता से अर्धसैनिक बल की टीम भी जबलपुर पहुंच चुकी है। राज्य के मंत्री राकेश सिंह और धर्मेंद्र सिंह लोधी मौके पर मौजूद रहकर ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। सीएसपी बरगी, अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सवारियों का डेटा वेरीफाई किया जा रहा है।
सरकार ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। पर्यटन मंत्री ने स्पष्ट किया कि रेस्क्यू पूरा होते ही हादसे की उच्च स्तरीय जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: Ganga Expressway: सीएम योगी का बड़ा तोहफा, शुरुआती 15 दिन ‘टोल फ्री’ होगा सफर