उत्तर प्रदेश

‘गुरु ज्ञान के बिना जीवन की सफलता संभव नहीं’, बाराबंकी में शान्तिपुरम सेवा समिति की सभा में बोले सुरेश चन्द्र बैसवार

Lucknow Focus News Desk: शान्तिपुरम सेवा समिति, बाराबंकी की नियमित सभा का आयोजन अम्मा सदन, जीत नगर, राजेश्वर पुरम कॉलोनी, बाराबंकी में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन दिनेश सिंह द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता सुरेश चन्द्र बैसवार ने तथा संचालन प्राचार्य नन्हे सिंह ने किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ युवा कवि साहब नारायण शर्मा की वाणी वंदना एवं नींबू लाल गुप्ता के मंगलाचरण से हुआ। इसके उपरांत आयोजक दिनेश सिंह ने समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार रत्नेश कुमार, युवा कवि साहब नारायण शर्मा, ओज कवि दीपक दिवाकर, व्यंग्यकार अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’, पंडित अरविन्द मिश्र ‘अरविन्द’ सहित उपस्थित अतिथियों एवं श्रोताओं का माल्यार्पण, शाल्यार्पण तथा भगवान श्रीराम की तस्वीर भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया।

सकारात्मक विचारों और सामाजिक संवाद पर जोर

समिति के संयोजक डॉ. वीरेन्द्र श्रीवास्तव ने शान्तिपुरम सेवा समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य ‘मन की बात’ के माध्यम से सकारात्मक विचारों का आदान-प्रदान, सुख-दुःख में सहभागिता तथा आपसी मेल-मिलाप को बढ़ावा देना है। सामाजिक सरोकारों से जुड़े संवाद ही समाज में आत्मीयता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

पारंपरिक चौपाल संस्कृति को पुनर्जीवित करने का आह्वान

वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार रत्नेश कुमार ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण गांवों की पारंपरिक चौपाल की संस्कृति विलुप्त होती जा रही है। उन्होंने कहा कि चौपाल केवल बैठने और बातचीत करने का स्थान नहीं थी, बल्कि वह ग्रामीण समाज के संवाद, विचार-विमर्श, आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता का जीवंत केंद्र हुआ करती थी। इस परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए गांवों में पुनः चौपाल आयोजित करने की आवश्यकता है।

काव्यपाठ और अध्यक्षीय उद्बोधन

सभा में विभिन्न साहित्यकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।

काव्यपाठ व प्रस्तुतियां: व्यंग्यकार अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’, कवि साहब नारायण शर्मा, दीपक दिवाकर, राधेश दीक्षित, दिनेश सिंह, पंडित अरविन्द मिश्र ‘अरविन्द’, राजेन्द्र प्रसाद पाठक, कुमारी आदविका ठाकुर तथा के.के. शर्मा ने काव्यपाठ किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: अदवेत ठाकुर ने वाद्य यंत्र के माध्यम से संगीतमय प्रस्तुति दी। प्राचार्य नन्हे सिंह ने लोककथा प्रस्तुत की, जबकि शत्रोहन लाल वर्मा, संरक्षक रामचंद्र वर्मा एवं योगेन्द्र वर्मा ने अपने विचार रखे।

अध्यक्षीय उद्बोधन में सुरेश चन्द्र बैसवार ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ज्ञान के बिना जीवन की सफलता संभव नहीं है। गुरु व्यक्ति को केवल ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उसे जीवन के सही मार्ग पर चलने की दृष्टि भी प्रदान करता है।

आभार प्रदर्शन एवं उपस्थिति

अंत में सभा संयोजक डॉ. दिनेश सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों, साहित्यकारों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। सभा में चन्द्रभान सिंह, अनिल सिंह, डॉ. रुचि सिंह, अजय वर्मा, देवेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Also Read: राजगढ़ में उफनते नाले में बही 11 लोगों से भरी कार: 9 की मौत, 2 को सुरक्षित बचाया गया, सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

Related Articles

Back to top button