यूपी पुलिस में 4,534 दारोगा पदों पर भर्ती जल्द, अप्रैल के अंत तक आ सकता है विज्ञापन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) प्रदेश में 4,534 उपनिरीक्षक (दारोगा) पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस भर्ती की विज्ञप्ति अप्रैल माह के अंत तक जारी किए जाने की संभावना है, जबकि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मई में शुरू की जा सकती है।
इस बार की भर्ती प्रक्रिया में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, प्लाटून कमांडर (सशस्त्र पुलिस) और विशेष सुरक्षा बल (SSF) के पद शामिल किए गए हैं। प्रस्तावित 4,534 पदों में शामिल हैं:
- उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस – 4,242 पद
- महिला पीएसी इकाइयों में उपनिरीक्षक – 106 पद (बदायूं, गोरखपुर, लखनऊ)
- प्लाटून कमांडर/उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस – 135 पद
- विशेष सुरक्षा बल (SSF) में उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर – 60 पद
परीक्षा एजेंसी का चयन शुरू
भर्ती बोर्ड ने भर्ती परीक्षा आयोजित कराने के लिए एजेंसी चयन सहित अन्य प्रारंभिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी किया गया है। इसके बाद बोर्ड अब अगली बड़ी भर्ती प्रक्रिया की तैयारी में जुट गया है।
बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका
यह भर्ती प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है। खासतौर पर उन अभ्यर्थियों के लिए जो लंबे समय से दारोगा बनने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, उपनिरीक्षक भर्ती के साथ ही आरक्षी सहित अन्य पदों की नई भर्तियों की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जा सकती है। डीजीपी मुख्यालय द्वारा विभिन्न पदों के लिए अधियाचन पुलिस भर्ती बोर्ड को भेजा जा चुका है।
Also Read: योगी सरकार के प्रयासों से बदल रही गन्ना किसानों की जिंदगी




