देश

पटना के अस्पताल में यूट्यूबर मनीष कश्यप से मारपीट, निजी अस्पताल में भर्ती

Lucknow Focus News Desk: यूट्यूबर और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए मनीष कश्यप एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोमवार को पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में जूनियर डॉक्टरों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि इस मारपीट में मनीष कश्यप घायल हो गए हैं। अस्पताल से उनकी एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें उनका इलाज चल रहा है। यह घटना तब सामने आई जब मनीष कश्यप किसी की तबीयत पूछने के लिए पीएमसीएच पहुंचे थे। अस्पताल की अव्यवस्था देखकर उन्होंने कथित तौर पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मनीष कश्यप ने अस्पताल की कथित गड़बड़ियों को अपने मोबाइल फोन से शूट करना शुरू कर दिया। इस दौरान एक जूनियर महिला डॉक्टर की नजर उन पर पड़ी। महिला डॉक्टर ने उन्हें ऐसा करने से रोका, लेकिन मनीष कश्यप नहीं माने। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही तीखी झड़प में बदल गई। देखते ही देखते जूनियर डॉक्टरों का एक समूह वहां इकट्ठा हो गया।

कमरे में बंद कर वीडियो डिलीट करने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जूनियर डॉक्टरों के समूह ने मनीष कश्यप के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मौखिक बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई। यह भी आरोप है कि आक्रोशित जूनियर डॉक्टरों ने मनीष कश्यप के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और उनके मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो भी डिलीट करवा दिए।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पीरबहोर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

यह पहला मौका नहीं है जब मनीष कश्यप विवादों में घिरे हों। इससे पहले, लगभग दो साल पूर्व तमिलनाडु में मजदूरों के साथ मारपीट के एक फर्जी वीडियो के मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद उन्हें लंबे समय तक जेल में भी रहना पड़ा था। मनीष कश्यप ने करीब एक साल पहले भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी।

Related Articles

Back to top button