टॉम क्रूज की नई फिल्म ‘मिशन: इम्पॉसिबल – द फाइनल रेकनिंग’ की एडवांस बुकिंग जोरों पर, अब तक बिके 75,000 टिकट

Lucknow Focus News Desk: टॉम क्रूज एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी मोस्ट अवेटेड स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘मिशन: इम्पॉसिबल-द फाइनल रेकनिंग’ 17 मई को भारत में रिलीज होने जा रही है, और दर्शकों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
एडवांस बुकिंग में जबरदस्त रेस्पॉन्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। टॉप मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर, इनॉक्स और सिनेपोलिस में अब तक करीब 75,000 टिकट बिक चुके हैं। माना जा रहा है कि पहले शो से पहले ये आंकड़ा 1.5 लाख टिकट तक पहुँच सकता है।
भारत में हॉलीवुड फिल्मों में दूसरा सबसे बड़ा ओपनिंग रिस्पॉन्स
यदि भारत में हॉलीवुड फिल्मों की एडवांस बुकिंग की बात करें, तो ‘द फाइनल रेकनिंग’ ने अब तक की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग बुकिंग हासिल की है। पहले नंबर पर ग्रेटा गेरविग की फिल्म ‘बार्बी’ है, जिसने रिकॉर्ड तोड़ बुकिंग की थी।
फैंस का बढ़ता क्रेज
इस फिल्म का निर्देशन एक बार फिर क्रिस्टोफर मैकक्वेरी ने किया है। यह 2023 में आई ‘मिशन: इम्पॉसिबल – डेड रेकनिंग पार्ट वन’ का सीक्वल है। पहले 24 घंटों के भीतर फिल्म ने 11,000 टिकटों की बिक्री दर्ज की थी, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दर्शक इस फिल्म को लेकर कितने उत्साहित हैं।
अंतरराष्ट्रीय रिलीज की तारीख
जहाँ भारत में यह फिल्म 17 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, वहीं बाकी देशों में इसे 23 मई को रिलीज किया जाएगा। यह ‘मिशन: इम्पॉसिबल’ फ्रेंचाइजी की आठवीं किस्त है, और माना जा रहा है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करेगी।




