फील्ड कर्मचारियों का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को सौंपा 12 सूत्री मांग पत्र

उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग श्रमिक संघ के बैनर तले प्रदेशभर से आए फील्ड कर्मचारियों ने आज लखनऊ में कर्मचारी मसीहा स्व. बी.एन. सिंह की प्रतिमा स्थल पर एकजुट होकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को संबोधित 12 सूत्री मांग पत्र भी सौंपा गया।
धरने में सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया और वर्कचार्ज कर्मचारियों की सेवा जोड़ने, नियमितीकरण, पुरानी पेंशन बहाली, तथा आउटसोर्स कर्मियों को नियमित वेतन व सुविधाएं देने जैसी महत्वपूर्ण मांगों को दोहराया। संगठन के अध्यक्ष सत्य नारायण त्रिपाठी ने कहा कि “सरकार श्रमिकों की पीड़ा को सुनने को तैयार नहीं है। विभाग और शासन का रवैया पूरी तरह श्रमिक विरोधी है।”
सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी कर रही है- सत्य नारायण तिवारी
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष सत्य नारायण तिवारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार वर्कचार्ज सेवा को जोड़े जाने का निर्देश है, लेकिन सरकार इसके विरुद्ध अध्यादेश लाकर लाखों कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। “पेंशन और स्वास्थ्य लाभ से वंचित कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है।”

20 मई को राष्ट्रीय हड़ताल में होंगे शामिल- कमल अग्रवाल
उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने पुरानी पेंशन देने से इनकार कर दिया है और मंहगाई भत्ते में केवल 2% की बढ़ोतरी की गई है, जो मज़ाक के समान है। उन्होंने ऐलान किया कि “20 मई को राष्ट्रीय हड़ताल में भाग लेकर कर्मचारी अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे।”
मांगों की अनदेखी पर गहरा रोष
महामंत्री राम भजन मौर्य ने बताया कि बार-बार ज्ञापन देने और संवाद की कोशिशों के बावजूद विभाग और शासन की ओर से कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं की गई। इससे कर्मचारियों में असंतोष और रोष व्याप्त है।
प्रमुख मांगें
- वर्कचार्ज/दैनिक वेतनभोगी कर्मियों की सेवाओं को जोड़कर पेंशन देना
- मेट को वर्क एजेंट के समान 2400 ग्रेड वेतन
- आउटसोर्स कर्मियों को नियमित वेतन और ईपीएफ/ईएसआई की सुविधा
- रिक्त पदों पर पदोन्नति और नियमितीकरण
- हर माह ईपीएफ का पैसा खातों में जमा करना
धरने में बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता हुए शामिल
धरने में अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलेश मिश्रा, पेंशनर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस.पी. सिंह, उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के महामंत्री अशोक सिंह, मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप पांडे, एटक के नेता चंद्रशेखर जी, देवेंद्र यादव, बी.एल. कुशवाहा, ओ.पी. त्रिपाठी, जनार्दन यादव समेत कई संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्य नारायण तिवारी ने की और संचालन महामंत्री राम भजन मौर्य ने किया। अंत में प्रेमधर उपाध्याय ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रेस विज्ञप्ति महामंत्री द्वारा जारी की गई।




